आजम खान और अब्दुल्ला सीतापुर जेल किए गए शिफ्ट, लखनऊ के मेदांता में चल रहा था कोरोना का इलाज
लखनऊ, 13 जुलाई: समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को स्वस्थ होने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। आजम और उनके बेटे को सीतापुर जेल ले जाया गया है। अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक, अब आजम खान स्वस्थ हैं। उनकी सभी रिपोर्ट्स नॉर्मल हैं। स्वास्थ्य के आधार पर उनका 1 से 3 महीने के अंतराल पर फॉलोअप होगा।

9 मई को मेदांता में कराया गया था भर्ती
सपा सांसद आजम खान और अब्दुल्ला को 30 अप्रैल को कोरोना संक्रमण हुआ था। शुरू में इन्हें सीतापुर जेल में ही रखा गया, लेकिन आजम खान की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 9 मई को लखनऊ के मेदांता अस्पताल लाया गया था। आजम के साथ ही उनके कोरोना संक्रमित बेटे अब्दुल्ला आजम को भी मेदांता में ही भर्ती कराया गया था। अब्दुल्ला आजम का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता गया। मई-जून के दौरान कई बार उनकी हालत गंभीर हो गई, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखना पड़ा। आजम खान की हालात नाजुक होने पर कई बार उन्हें भी ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी। लंबे समय बाद वो अब दोनों स्वस्थ हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीतापुर जेल किया गया शिफ्ट
डिस्चार्ज होते ही आजम और उनके बेटे को सीतापुर जेल ले जाया गया। जेल पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। एसडीएम सदर अमित भट्ट व सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह भी मौजूद रहे। आजम के वकील का कहना है कि उनकी तबीयत अभी ठीक नहीं है। जेल में उनको वह सुविधाएं नहीं मिल पाएंगी, जो अस्पताल में मिल रही थीं। कोरोना के बाद आराम की बहुत जरूरत होती है, लेकिन आजम खान को आराम नहीं दिया गया और फिर से जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications