लखनऊ: लॉकडाउन के उल्लंघन पर पुलिस ने रोका तो किया पथराव, सिपाही घायल, वर्दी फाड़ी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ कैंट थाना क्षेत्र के सदर इलाके में अराजक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में एक सिपाही घायल हो गया। अराजकतत्वों ने सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। घटना बुधवार दोपहर उस वक्त हुई जब कुछ लोग कसाईबाड़े के पीछे रेलवे लाइन पार करके दूसरी तरफ जा रहे थे। इस बीच वहां से गुजरी पुलिस टीम ने लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करते देख टोका तो वह लोग गाली-गलौज करने लगे। पुलिस के चेतावनी देने पर आरोपियों ने पथराव कर दिया और फरार हो गए। इससे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस अधिकारियों ने पथराव की बात से इनकार किया
घटना की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने सख्ती करके लोगों को वापस घरों में भेजा। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने पथराव की बात से इनकार किया है। इंस्पेक्टर कैंट मनोज कुमार का कहना है कि हॉट स्पॉट इलाके में राशन वितरण में हो रही परेशानी के विरोध में कुछ लोग सड़क पर उतर आए थे। पुलिस ने लॉकडाउन का हवाला देकर सभी को घरों में रहने की हिदायत दी है। स्थानीय पार्षद को बुलाकर लोगों से वार्ता कराई गई, उन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया है।
अलीगढ़ में पुलिस पर पथराव, एक सिपाही घायल
उधर, अलीगढ़ के भुजपुरा इलाके में बुधवार को लॉकडाउन का पालन करवाने गई पुलिस पर भीड़ ने हमला कर दिया। पथराव में एक सिपाही के घायल हो गया। हमलावरों ने पुलिस की लैपर्ड बाइक में भी तोड़फोड़ की है। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सीओ प्रथम कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। सीओ प्रथम विशाल पांडेय ने बताया कि लॉकडाउन का समय पूरा होने के बाद सब्जी विक्रेता अपने घरों को जा रहे थे। इसी दौरान सब्जी विक्रेताओं में आपस में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। लॉकडाउन का पालन कराने और बाजार को बंद कराने गए लैपर्ड कर्मियों ने सब्जी विक्रेताओं के झगड़े में हस्तक्षेप कर मामले को खत्म कराने की कोशिश की, जिसपर सब्जी विक्रेता और मौके पर मौजूद भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications