इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज वीके श्रीवास्तव का कोरोना से निधन, लखनऊ में चल रहा था इलाज
लखनऊ, अप्रैल 28: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण से लोगों की मौतों का सिलसिला जारी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव का भी बुधवार को कोरोना से निधन हो गया। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हाल ही में उन्हें लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह जनपद महराजगंज ले जाया जाएगा।

न्यायमूर्ति वीके श्रीवास्तव का जन्म एक जनवरी 1962 को हुआ था। 1986 में विधि स्नातक व 1988 में विधि परास्नातक डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की और 2005 में उच्चतर न्यायिक सेवा में चयनित हुए। 2016 में जिला जज पद पर प्रोन्नत हुए। वह 20 सितंबर 2016 से 21 नवंबर 2018 तक प्रमुख सचिव विधि रहे। 22 नवंबर 2018 को वह इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए। इनका कार्यकाल 31 दिसम्बर 2023 तक था।
बीजेपी विधायक केसर सिंह गंगवार का कोरोना से निधन
बता दें, बरेली की नवाबगंज सीट से भाजपा विधायक केसर सिंह गंगवार का भी बुधवार को कोरोना से निधन हो गया। बीते 18 अप्रैल को केसर सिंह गंगवार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालत बिगड़ने पर विधायक के बेटे विशाल गंगवार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा था कि उनके पिता को बेहतर इलाज नहीं मिल रहा है। विशाल ने प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए थे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने विधायक को बरेली से 19 अप्रैल को नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। बुधवार दोपहर बाद केसर सिंह गंगवार ने अंतिम सांस ली।












Click it and Unblock the Notifications