पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर अखिलेश का BJP पर वार, कहा- भंग कर देना चाहिए पेट्रोलियम मंत्रालय
लखनऊ, 29 अक्टूबर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर भाजपा सरकार पर वार किया है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को किए एक ट्वीट में लिखा, ''भाजपा सरकार जिस तरह पेट्रोल-डीज़ल के दाम लगातार बढ़ा रही है, उसे देखकर तो ये लगता है कि वो जनता को '35' का पहाड़ा सिखा रही है। अगर सरकार का पेट्रोल-डीज़ल पर कोई नियंत्रण है ही नहीं तो फिर पेट्रोलियम मंत्रालय को भंग कर देना चाहिए।''

देश के चार महानगरों में शुक्रवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों वृद्धि देखने को मिली है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर अब 108.64 रुपए हो गई है। पेट्रोल की कीमत 28 अक्टूबर के मुकाबले 35 पैसे ज्यादा रही। वहीं, डीजल का रेट दिल्ली में प्रति लीटर 97.37 रुपए है। मुंबई में आज पेट्रोल और डीजल की कीमत प्रति लीटर 114.47 और 105.49 रुपए है। चेन्नई में पेट्रोल और डीजल प्रति लीटर 105.43 और 101.59 हैं। वहीं, कोलकाता में पेट्रोल प्रति लीटर 109.02 रुपए तो डीजल 100.49 रुपए प्रति लीटर है।
अखिलेश बोले- लगता है जनता को '35' का पहाड़ा सिखा रही BJP
पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर वार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जिस तरह पेट्रोल-डीज़ल के दाम लगातार बढ़ा रही है, उसे देखकर तो ये लगता है कि वो जनता को '35' का पहाड़ा सिखा रही है। बता दें, अखिलेश ने ये बातें एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी कहीं।
सपा में शामिल हुए ये नेता
इस दौरान अखिलेश यादव ने बताया कि श्रावस्ती से बसपा के पूर्व विधायक राम सागर 'अकेला', कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, उनके पुत्र पूर्व विधायक पंकज मलिक अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications