'कोरोना काल में हुई मौतों की जिम्मेदार है भाजपा सरकार', अखिलेश यादव ने कहा
लखनऊ, 19 अगस्त: सपा अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना काल के दौरान हुई मौत की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सरकारी अस्पताल बदइंतजामी के शिकार थे, वहीं दूसरी ओर निजी हॉस्पिटल लूट के अड्डे बन गये थे। कहा कि सरकार की निष्क्रियता की वजह से पहले लोगों को बेड और ऑक्सीजन के लिए तड़पना पड़ा। तो वहीं, अब मरीजों की मौत के बाद उनके परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ रहा है।

परिजन शपथ-पत्र व हलफनामा देने को तैयार थे उसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। यह बात अखिलेश यादव ने जारी अपने एक बयान में कही। पूर्व सीएम ने कहा कि कोरोना काल में बदहाली झेल रहे छोटे दुकानदारों की पीड़ा सिर्फ समाजवादियों ने सुनी। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में छोटे कारोबारियों के लिए कोई राहत नहीं दी, जबकि कोरोना काल में उन्होंने दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति अपनी जान पर खेल कर की है। भाजपा केवल बड़े व्यापारियों की हितैषी है।
अखिलेश यादव ने कहा,
भाजपा ने कोरोना काल में हुई मौतों के आंकड़े छुपाने का शर्मनाक काम किया है। भाजपा सरकार का कोरोना में ऑक्सीजन की कमी से एक भी मौत न होने का बयान आपराधिक और निर्दयी है। जिनके घर उजड़ें वो भाजपा के इस महाझूठ का दर्द भरा सच जानते हैं। भाजपा माफी योग्य नहीं है।
मृत्यु जीवन का सबसे बड़ा सच है लेकिन भाजपा सरकार उस सबसे बड़े सच को ही झुठलाने में लगी है। यह घोर निन्दनीय है। सत्ता मिथ्या की जितनी भी मिट्टी डाले लेकिन सत्य की बारिश सारा सच सामने ला देती है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की कमी से मरीजों की मौत नरसंहार है।
अखिलेश ने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पीड़ादायक एवं दर्दनाक घटनाओं में सरकार की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिला। बहराइच में स्ट्रेचर पर पड़ी मां को बेटियां मुंह से सांस देकर भी नहीं बचा सकी, केजीएमयू में वाहन न मिलने पर घंटों शव एम्बुलेंस में पड़े रहे, बलरामपुर में ऑक्सीजन आपूर्ति से महिला एवं प्रसव पीड़िता की मौत हो गई। गंगा में शव सतह पर दिखते रहे। अपनी सांसो की मशीन लगाकर एक पिता अपने बेटे को नहीं बचा सका। ऐसी घटनाओं ने जनता की असहनीय पीड़ा को दर्शाया। हजारों की संख्या में लोग पहले बेड के लिए और मौत के बाद एम्बूलेंस के लिए दौड़ते रहे।
यादव ने कहा कि सेवा में सपा अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने युद्धस्तर पर पूरे कोरोना काल में आम जनता का दुःख दूर करने के लिए ईमानदार प्रयास किए। न केवल चिकित्सकीय सहायता बल्कि जरूरतमंदों की मुसीबत दूर करने में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जो कार्य किए उसकी सराहना वैश्विक स्तर पर हुई। जनता का कष्ट दूर करने में सपा हमेशा तैयार रहती है। इतना ही नहीं, अखिलेश ने कहा कि कोरोना काल में भाजपा के केन्द्रीय मंत्री, सांसद, विधायक अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे? माननीय न्यायालय ने भी कोरोना रोकने की दिशा में भाजपा सरकार की लापरवाही के लिए टिप्पणी की। ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भी केन्द्र की भाजपा सरकार ने अवमानना की।












Click it and Unblock the Notifications