गांधी आश्रम में अखिलेश यादव ने चलाया चरखा, बोले- 'आजादी की लड़ाई में उनकी थी सबसे बड़ी भूमिका'
गांधी आश्रम में अखिलेश यादव ने चलाया चरखा, बोले- 'आजादी की लड़ाई में उनकी थी सबसे बड़ी भूमिका'
लखनऊ, 02 अक्टूबर: महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर सपा अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने रविवार 02 अक्टूबर को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अखिलेश यादव ने हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम पहुंचे और चरखा चलाया। इस दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सेवा का रास्ता दिखाया और बताया कि इच्छा शक्ति हो तो कुछ भी पाया जा सकता है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, 'महात्मा गांधी जी ने इच्छा शक्ति का रास्ता दिखाया जिससे आप कही भी पहुंच सकते हैं। आज़ादी की लड़ाई में उनकी सबसे बड़ी भूमिका थी।' इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता बापू ने कहा था कि जब तक हम खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा नहीं देंगे तब तक स्वावलंबी नहीं बन सकते है। कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह) यहीं पर मुझे पहली बार खादी आश्रम लेकर आये और कुर्ता पहनने का मौका दिया तब से आज तक हमने कोई दूसरा कपड़ा नहीं पहना।
अखिलेश ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था, उसमें ग्राम स्वराज की कल्पना थी। उनका मानना था कि सिर्फ केंद्र में बैठकर 10-20 लोग लोकतंत्र को नहीं चला सकते हैं, जब तक लोकतंत्र की प्रक्रिया में पूरा देश शामिल न हो। उन्होंने मानव कल्याण के लिए सत्य व अहिंसा का संदेश दिया था। उनका जीवन हमारे लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सत्याग्रह का अनूठा अमोघ अस्त्र दिया, जिसने देश को अंग्रेजी साम्राज्य से मुक्ति दिलाई।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज जिन कम्पनियो ने 5 जी लांच किया है उस कम्पनी में गांवों के कितने लोगों को रोजगार मिलेगा? इस दौरान अखिलेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज जिन कंपनियों को 5 जी लगाने का मौका दिया गया वो कंपनियां पहले से ही मुनाफे पर हैं। उन्होंने मांग की है कि खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा दिया जाए। हम लोग सरकार में नहीं हैं पर सदन में सरकार को याद दिलाते रहेंगे और ज्यादा से ज्यादा छूट मिले इसके लिए सरकार को बताते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications