अखिलेश का पीएम मोदी पर निशाना, कहा- यूपी किसानों की हत्याओं को लेकर शोकाकुल है, ये महोत्सव का समय नहीं
लखनऊ, 05 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में आठ लोगों की जान चली गई। इस बीच आज राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 'न्यू अर्बन इंडिया' के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत करने पहुंचे। इसे लेकर विपक्षी दलों ने पीएम मोदी और भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा, "यूपी किसानों की हत्याओं को लेकर शोकाकुल है, ये महोत्सव का समय नहीं है।"

पीएम मोदी ने की तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ में हैं। यहां उन्होंने देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 'न्यू अर्बन इंडिया' थीम के साथ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय व नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने सभी जिलों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित 75 हजार लाभार्थियों को चाभी वितरण कर उनसे संवाद भी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने आगरा, कानपुर और ललितपुर के लाभार्थियों से भी वार्ता की। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
भूपेश बघेल ने कहा- ये आयोजन होना दुर्भाग्यपूर्ण
राजधानी लखनऊ में पीएम नरेंद्र मोदी का ये कार्यक्रम उस वक्त हो रहा है जब प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन चालू है। विपक्षी दलों के नेता सरकार पर हमलावर हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लखीमपुर पीड़ित परिवार से मिलने जाना चाहती हैं, लेकिन उन्हें हिरासत में रखा गया है। अखिलेश यादव को भी कल हिरासत में ले लिया गया था। ऐसे में इस कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों ने निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी लखनऊ में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों को न्याय मिला नहीं और अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा आयोजन होना दुर्भाग्यपूर्ण है।












Click it and Unblock the Notifications