आजम खान सांप्रदायिक ताकतों के कट्टर विरोधी, इसलिए BJP उन्हें कर रही परेशान : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने एक बार फिर पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक आजम खान का बचाव किया और बीजेपी पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी आजम खान को टारगेट कर रही है। आजम खान सरकार की आंखों का कांटा बन गए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी झूठे मुकदमों से आजम खान और उनके परिवार को परेशान कर रही है।

भड़काऊ भाषण मामले में आजम खान को तीन साल की जेल
बता दें, आजम खान को रामपुर कोर्ट ने भड़काऊ भाषण देने के मामले में तीन साल जेल की सजा सुनाई है। अखिलेश यादव ने कहा, ''मोहम्मद आजम खान भाजपा सरकार की नजरों में इसलिए खटक रहे हैं, क्योंकि वह सांप्रदायिक ताकतों के कट्टर विरोधी हैं और लोकतंत्र और समाजवाद के लिए प्रतिबद्ध हैं। रचनात्मक कार्यों में इनकी विशेष रुचि होती है। मोहम्मद आजम खान संविधान और धर्मनिरपेक्षता के लिए निरंतर संघर्ष के नेता रहे हैं।" अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आजम खान ने रामपुर में एक उच्चस्तरीय शिक्षण संस्थान बनाने से बीजेपी नाराज है। उन्होंने कहा, ''बीजेपी इस बात से नाराज है कि मोहम्मद आजम खान ने रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को एक उच्चस्तरीय शिक्षण संस्थान बनाया, जिससे इस क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलना तय था।''
'जौहर यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने में लगी है भाजपा'
अखिलेश ने आगे कहा कि बीजेपी सरकार इस महान कार्य की सराहना करने के बजाए विश्वविद्यालय को ही नष्ट करने पर आमादा है। आजम खान के खिलाफ कितने झूठे मामले दर्ज किए गए? भाजपा मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने में लगी हुई है।'' सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार को यह याद रखना चाहिए कि दुश्मनी की भावना का राजनीति में कोई स्थान नहीं है। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष की समान भूमिका होती है।
'आजम खान पर राजनीति भारी होगी'
अखिलेश ने कहा, "मोहम्मद आजम खान कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं, वह दस बार रामपुर से विधायक रहे हैं, तीन बार सांसद, राज्य सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं, और नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। बीजेपी द्वारा उन्हें दरकिनार करने की साजिश रची गई थी। उन पर राजनीति भारी होगी। प्रदेश की जनता भाजपा के अनैतिक आचरण को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।''












Click it and Unblock the Notifications