CAA Protest पर बोले अखिलेश यादव, 'ये झुकेंगे भी और पीछे हटेंगे भी'
लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुआ। विरोध-प्रदर्शन में अकेले उत्तर प्रदेश में 5 लोगों की मौत हुई है। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'देश की एकजुट जनता अपने संविधान के मूल मूल्यों की रक्षा का आंदोलन लड़ रही है।'
ये झुकेंगे भी और पीछे हटेंगे भी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा, 'आज के सत्ताधारी ये न भूलें कि जब जनता एक साथ आगे बढ़ती है तो बड़े-से-बड़े दमनकारी को पीछे हटना पड़ता है। ये झुकेंगे भी और पीछे हटेंगे भी। देश की एकजुट जनता अपने संविधान के मूल मूल्यों की रक्षा का आंदोलन लड़ रही है।'

मायावती ने ट्वीट कर केंद्र सरकार से की ये अपील
बसपा अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को ट्वीट कर केंद्र की बीजेपी सरकार से नागरिकता संशोधन कानून को वापस लेने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अब तो नए सीएए व एनआरसी के विरोध में केन्द्र सरकार के एनडीए में भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं। अतः बीएसपी की मांग है कि वे अपनी ज़िद को छोड़कर इन फैसलों को वापस ले। साथ ही, प्रदर्शनकारियों से भी अपील है कि वे अपना विरोध शान्तिपूर्ण ढंग से ही प्रकट करें।'

सीएम योगी आदित्यनाथ ने की ये अपील
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से शांति बनाये रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों में न पड़ें और उपद्रवी तत्वों के उकसावे में भी न आएं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को नागरिकता कानून पर अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह करने और हिंसा फैलाने वाले तत्वों को ढूंढ निकालने के निर्देश दिए हैं। उन्हेंने कहा, 'जहां भी सार्वजनिक संपत्ति को उपद्रवियों ने क्षति पहुंचायी है, उस संपत्ति की भरपाई, वीडियो फुटेज तथा अन्य पुष्ट प्रमाणों के आधार पर चिन्हित किए जा रहे उपद्रवियों की संपत्तियों को जब्त करके की जाए।'












Click it and Unblock the Notifications