लखनऊ: भरी क्लास में 8वीं के छात्र ने टीचर के गले पर मारे चाकू, घर से बैग में लाया था छुपाकर
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में काकोरी के एक गांव में एक छात्र ने शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। भरी क्लास में आठवीं के छात्र ने सीट पर चढ़कर अचानक शिक्षक श्याम गुप्ता के गले पर चाकू मारा। इससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर करना पड़ा। वहीं, घटना के बाद आरोपी छात्र स्कूल से फरार हो गया। पता चला है कि, वह घर से सब्जी काटने वाला चाकू बैग में छिपाकर लाया था। उसी से उसने घटना को अंजाम दिया।

वह पढ़ाई में कमजोर था, झगड़ालू भी था
जानकारी के अनुसार, जिस छात्र ने शिक्षक पर हमला किया, वह पढ़ाई में कमजोर था। उसका मन पढ़ाई में लगे, इसलिए शिक्षक उसे आगे बैठाते थे। मगर, वह छात्र इस बात से बहुत खफा था।

पिता के कहने पर स्कूल आने दिया था
उसके साथी छात्रों ने बताया कि, वह छात्र झगड़ालू प्रवृत्ति का है और पहले भी कई छात्रों से मारपीट कर चुका है। इससे त्रस्त आकर स्कूल प्रबंधन ने कुछ दिन पूर्व उसके स्कूल आने पर रोक लगा दी थी, लेकिन पिता के कहने पर उसे फिर आने दिया गया।

घर से लाया था चाकू छिपाकर
गुरुवार को जब वह स्कूल आया तो छुपाकर चाकू संग लाया था। क्लास में अचानक ही उसने शिक्षक श्याम गुप्ता पर हमला किया। श्याम गुप्ता को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, शिक्षक के गले में करीब दस टांके लगाए गए हैं। बहरहाल उनकी तबियत स्थिर है।












Click it and Unblock the Notifications