COVID-19: यूपी में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2250 नए केस, हर जिले बनेगा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2250 नए मामले सामने आए हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को जानकारी दी कि प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या 18,256 हो गई है। अब तक कोरोना से कुल 29845 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से 1146 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि कल प्रदेश में 44,123 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक प्रदेश में 14,70,426 सैंपल्स की जांच की गई है।

उन्होंने बताया कि कल 5-5 सैंपल के 3046 पूल और 10-10सैंपल के 323 पूल लगाए गए। 5-5 सैंपल के 3046 पूल में से 530 में पॉजिटिविटी देखी गई और 10 सैंपल के 323 पूल में से 21 में पॉजिटिविटी देखी गई। उन्होंने बताया कि अब तक सर्विलांस से 30784 कंटेनमेंट इलाकों में 1,26,31,642 घरों का सर्विलांस किया गया है, जिसमें 6,43,77,426 लोग रहते हैं। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल एजुकेशन के लोगों को लेकर हर जनपद में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर आज रात तक स्थापित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि रैपिड एंटीजन टेस्टिंग को तेजी से बढ़ाया जाए, जो भी समस्या अस्पतालों या कोविड केयर सेंटर में हैं अधिकारी स्वयं जाकर उसपर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रतिबंध के बीच प्रदेश में रोडवेज की बसों ने 5,15,000 यात्रियों को गन्तव्य तक पहुंचाया। कोरोना को देखते हुए 18,053 कैदी पेरोल पर छोड़े गए हैं। अब तक धारा 188 के अंतर्गत 1,15,861 FIR दर्ज की गई हैं, कल 6087 FIR दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications