मां ने पबजी खेलने से रोका तो 16 साल के लड़के ने गोली मारकर कर दी हत्या
लखनऊ, 08 जून। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वीभत्स घटना सामने आई है। यहां एक 16 साल के लड़के ने अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मां अपने बेटे को ऑनलाइन गेम पबजी खेलने से रोक रही थी, जिससे नाराज लड़के ने मां को मौत के घाट उतार दिया। लड़के को मोबाइल गेम खेलने की लत थी और इसी के चलते उसे अपनी मां का इसमे दखल बिल्कुल पसंद नहीं आया और उसने यह कदम उठा लिया।
Recommended Video


पबजी की लत थी
एडीसीपी ईस्ट लखनऊ कासिब आबिदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। जांच को पूरा किया गया। जांच के दौरान पता चला कि 16 साल के लड़के ने अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी, जब उसने उसे पबजी गेम खेलने से रोका। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि लड़का पबजी का आदि था और उसकी मां उसे खेलने से रोकती थी, जिसकी वजह से लड़के ने पिता की बंदूक से मां को गोली मार दी।
दो दिन पहले की हत्या
जानकारी के अनुसार लड़के ने अपनी मां की हत्या शनिवार की रात को की थी। हत्या के बाद लड़के ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। जांच के दौरान लड़के ने मां की मौत की झूठी कहानी हमे सुनाई। उसने कहा कि एक इलेक्ट्रिशियन ने उसकी मां को गोली मारी। पुलिस ने बताया कि हमने लड़के को हिरासत में ले लिया है, हम मामले की आगे की जांच कर रहे हैं। यही नहीं हत्या के बाद दो दिनों तक लड़का मां के शव के साथ घर में ही छिपा रहा। लेकिन जब शव से दुर्गंध आने लगी तो उसने अपने पिता को फोन करके इसकी सूचना दी। बता दें कि लड़के के पिता पश्चिम बंगाल में तैनात हैं, वह सेना में कार्यरत हैं।
पुणे में भी हुई थी ऐसी घटना
बता दें कि कुछ इसी तरह की घटना मार्च माह में भी सामने आई थी जब साहिल जाधव नाम के लड़के को उसके दोस्त प्रणव माली ने चाकू मार दिया था। वर्तक नगर पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों ने शराब के नशे में साहिल की पबजी खेल में दुश्मनी के चलते हत्या कर दी थी। तीनों ही आरोपियों ने साहिल को 10 बार चाकू घोपा, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications