ललितपुर: सेल्फी ले रही बेटी नहर में गिरी, बचाने के लिए कूदे पिता की डूबकर मौत
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बेटी की सेल्फी पिता के लिए जानलेवा साबित हुई। 9 साल की बच्ची का नहर के पुल पर सेल्फी लेते वक्त पैर फिसल गया। बच्ची नहर में गिर गई। उसे बचाने के लिए नहर में कूदा पिता भी डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची को तो बचा लिया, लेकिन पिता की डूबकर मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला कटरा बाजार निवासी 40 वर्षीय अंशू उर्फ आदित्य टडैया अपने परिजनों के साथ बुधवार को थाना जाखलौन के ग्राम बंदरगुढा घूमने के लिए जा रहे थे। दोपहर में करीब तीन बजे बंदरगुढा से दो किलोमीटर पहले सिद्धबाबा मंदिर के पास जाखलौन नहर के पुल पर लोग सेल्फी लेने लगे। उसी दौरान अंशू की 9 साल की बेटी अनाया का सेल्फी लेते वक्त पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरी। बेटी को नहर में गिरते देख अंशू ने भी नहर में छलांग लगा दी, लेकिन डूबकर अंशू की मौत हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्ची का पैर फिसलने के बाद वह नहर में गिर गई और तेजी से नहर के बहाव में डूबने लगी थी। बेटी को देख पिता आदित्य खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने भी नहर में छलांग लगा दी। उन्होंने बेटी को तो बचा लिया लेकिन खुद नहीं बच सके।












Click it and Unblock the Notifications