यूपी में पहली बार महिला पुलिसकर्मियों ने किया एनकाउंटर, पकड़ा गया 25 हजार का इनामी बदमाश
उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए यूपी पुलिस आए दिन एनकाउंटर कर रही है। लेकिन यूपी में पहली बार ऐसा मामला सामने आया है, जब महिला पुलिसकर्मियों ने एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर में 25 हजार इनामी बदमाश को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बदमाश के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मुठभेड़ में बदमाश को पकड़े जाने पर ADG लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने पुलिस टीम को बधाई दी है।

दरअसल, बुधवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी गो तस्कर रामकोला थाना क्षेत्र की ओर से मेहंदीगंज की ओर आ रहा है। सूचना पाकर बरवापट्टी थाने की महिला थानेदार सुमन सिंह हमराहियों के साथ मेहंदीगंज नहर पर पहुंचीं।
कुछ देर बाद एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब उसे बाइक रोकने का इशारा किया तो वह पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करते हुए बाइक लेकर भागने लगा, जिस पर थानाध्यक्ष सुमन सिंह समेत चंदा यादव, संगीता यादव, प्रिंसी पांडेय, पियांका सिंह आदि पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया।
इस दौरान उसने फिर से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया और फायरिंग की, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद वह बाइक समेत गिर पड़ा। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
देखें Video-
पकड़े गये बदमाश ने अपना नाम इनामुल उर्फ बिहारी बताया। उसके खिलाफ यूपी के अलग-अलग जिलों में पशु तस्करी, हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ की सूचना पाकर एसपी धवल जयसवाल अस्पताल पहुंचे और बदमाश से पूछताछ भी की।












Click it and Unblock the Notifications