Rajasthan: कोटा में नहीं रुक रहा आत्महत्या का सिलसिला, 16 साल की छात्रा ने लगाई फांसी
राजस्थान के कोटा में छात्रों की आत्महत्या का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब 16 साल की एक बच्ची ने फांसी लगाकर जान दी है, जो वहां पर रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने भी शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा झारखंड के रांची की रहने वाली है। वो कोटा NEET की तैयारी करने आई थी। बुधवार को किराए के कमरे में उसका शव मिला। उसने फंखे से लटककर जान दी है।

मामले में विज्ञान नगर SHO ने बताया कि छात्रा ब्लेज हॉस्टल, इलेक्ट्रॉनिक कंपलेक्स रोड नंबर एक, विज्ञान नगर में रहती थी। बुधवार को उनको खबर मिली कि एक छात्रा का शव मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उन्होंने जांच शुरू कर दी है।
इस साल का आंकड़ा पहुंचा 23
कोटा के हालात ने सरकार और स्थानीय प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है। इस साल वहां पर सुसाइड करने वालों की संख्या 23 पहुंच गई है, जबकि पिछले साल का कुल आंकड़ा 15 था। सरकार ने इसको लेकर कई कदम उठाए हैं, लेकिन उसका कोई फायदा होता नहीं दिख रहा।
इससे पहले 27 अगस्त को बिहार के रोहतास के मूल निवासी राज (18) ने आत्महत्या कर ली थी। उससे पहले महाराष्ट्र के लातूर के 17 वर्षीय छात्र ने जान दी थी।
पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय छात्र संस्थान की तीसरी मंजिल पर था। दोपहर को वो वहां से निकला और छठी मंजिल पर चला गया। वहां से कूदकर उसने जान दे दी। उसकी मौत के चार घंटे बाद राज नाम के छात्र ने आत्महत्या कर ली। उसका शव कुन्हाड़ी थाना स्थित उसके फ्लैट पर मिला था।
सालाना 2.5 लाख छात्र जाते हैं कोटा
आपको बता दें कि राजस्थान का कोटा देश का सबसे बड़ा कोचिंग हब है। वहां पर सबसे ज्यादा IIT प्रवेश परीक्षा (जेईई) और NEET परीक्षा के लिए छात्र जाते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक हर साल 2.5 लाख से ज्यादा छात्र कोटा जा रहे।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications