पाक से आए शरणार्थियों ने मांगी इच्छामृत्यु, बोले-'गुंडे मारे इससे अच्छा तो हमें खुद ही मरने की इजाजत दे दो'
कोटा। पाकिस्तान से हिन्दुस्तान आए शरणार्थियों द्वारा राजस्थान में इच्छामृत्यु की इजाजत का मामला सामने आया है। पुलिस थानों से होता हुआ शरणार्थियों का यह मामला बुधवार कोटा रेंज आईजी बिपिन पांडेय तक पहुंच गया। आईजी को दिए ज्ञापन में शरणार्थियों ने कहा कि उनको गुंडों से जान का खतरा है। इसलिए वे पुलिस पहरे में मरना चाहते हैं।

मामला करीब 21 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा करके वहां अवैध रूप से खनन करने का है। ज्ञापन देने आए त्रिलोक विश्वास ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 1971 में पूर्वी पाकिस्तान से भारत आकर बसा था। पहले कोलकात्ता रहा और फिर कोटा आ गया। कोटा में पिछले कई साल से रह रहे हैं। ज्ञापन में कहा है कि पिछले एक साल से वे जमीन के मामले में न्याय की मांग को लेकर बूंदी एसपी, कलेक्टर, डाबी पुलिस थाने के चक्कर काटने को मजबूर हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सिर्फ आश्वासन देकर टरकाया जा रहा है।
त्रिलोक विश्वास का आरोप है कि उनके नाना चितरंजन व पूरे परिवार को गुंडे धमकियां दे रहे हैं। गुंडों ने पहले तो नाना की जमीन पर कब्जा कर लिया और जब डाबी पुलिस थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया तो वे अब मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
दो बार आया हार्ट अटैक
ज्ञापन में कहा गया है कि त्रिलोक के नाना के दो बार हार्ट अटैक आ चुका है। उनके कई बिमारियां हो चुकी है। वे गुंडे-बदमाशों से लड़ाई करने में असमर्थ हैं। उन्होंने इच्छामृत्यु की इजाजत मांगते हुए कहा वे जन्म से कृष्ण भक्त हैं और आईजी कार्यालय परिसर में कृष्ण भक्ति करते हुए प्राण त्यागना चाहते हैं। आईजी ने परिवार को मामले में जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications