सामने 'मौत' बनकर खड़ा था भालू का परिवार, महिला ने यूं किया डटकर सामना
Kota News , कोटा। राजस्थान के कोटा जिले के नांता क्षेत्र में एक महिला भालू के परिवार से भिड़ गई। महिला पर भालू के परिवार ने अचानक हमला कर दिया था, मगर उसके बुलंद हौसले के सामने भालू का परिवार उसे ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सका। हालांकि हमले में महिला घायल हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार कोटा जिले के करणी नगर कच्ची बस्ती निवासी राधा बाई सुबह शौच के लिए मेढ़की पाल के जंगल में गई थी। वहां से लौटते समय मादा भालू और उसके दो बच्चों ने उस पर हमला कर दिया।
इस दौरान भालू ने महिला के हाथ को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। एक बारगी तो लगा कि सामने मौत खड़ी है। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाने के लिए जान की बाजी लगा दी। उसने भालू व उसके बच्चों का डटकर सामना किया। उन पर पत्थर फैंके। ऐसे में भालू व उसका परिवार वहां से भाग गया। उधर, महिला पर हमले की जानकारी उसके परिजनों को लगी तो वे मौके पर आए। महिला के हाथ व सिर में गंभीर चोट लगने के कारण परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों का कहना है कि कोटा के नांता इलाके में कई बार भालू और उसके बच्चों को देखा गया है। चार दिन पहले थर्मल के गेट के पास पैंथर भी दिखाई दिया था। इसके बावजूद वन विभाग और थर्मल प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications