MSP सहित अन्य मुद्दे अभी भी लंबित हैं, जारी रहेगा आंदोलन: राकेश टिकैत
कौशांबी, 29 नवंबर: तीन कृषि कानूनों के वापसी बिल लोकसभा में पास होने के बावजूद किसान संगठन पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने आंदोलन खत्म करने के सवाल पर कहा कि फिलहाल आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एमएसपी कानून समेत कई अन्य मुद्दों पर अब बात किए जाने की जरूरत है। टिकैत ने कहा कि जब तक सरकार इन मुद्दों पर बात नहीं करती, आंदोलन खत्म नहीं होगा।
Recommended Video

राकेश टिकैत ने कहा, ''लोकसभा से तीन कानूनों की वापसी के बिल पारित होने को हम उन 750 किसानों को समर्पित करते हैं, जो आंदोलन करते हुए शहीद हो गए।''
बता दें, संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया। पहले दिन केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लोकसभा में कृषि कानूनों का बिल वापसी प्रस्ताव पेश किया जो पास हो गया। अब इसे राज्यसभा में पेश किया जाएगा। लोकसभा में जब नरेंद्र तोमर बिल पेश कर रहे थे, तब विपक्ष ने चर्चा की मांग पर हंगामे की कोशिश की। इसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित कर दिया। कांग्रेस ने भी एमएसपी की गारंटी पर कानून बनाने और किसान आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। कांग्रेस ने तेल की बढ़ती कीमतों पर भी चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव दिया है। राज्यसभा में किसानों से जुड़े मुद्दे पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और माकपा ने स्थगन प्रस्ताव दिया है।
संसद सत्र से पहले क्या बोले पीएम मोदी?
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद का ये सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश आजादी के अमृत महोत्सव मना रहा है। हिंदुस्तान में चारों दिशाओं में से इस आजादी के अमृत महोत्सव के निमित्त रचनात्मक, सकारात्मक, जनहित के लिए, राष्ट्रहित के लिए, सामान्य नागरिक, अनेक कार्यक्रम कर रहे हैं, कदम उठा रहे हैं और आजादी के दीवानों ने जो सपने देखे थे उन सपनों को पूरा करने के लिए सामान्य नागरिक भी इस देश का कोई न कोई दायित्व निभाने का प्रयास कर रहा है। ये खबरें अपने आप में भारत के भविष्य के लिए शुभ संकेत है।












Click it and Unblock the Notifications