कानपुर: घर के अंदर खून से लथपथ मिली प्रॉपर्टी डीलर की लाश, पास में पड़ा था सिलबट्टा
Kanpur news, कानपुर। यूपी के कानपुर शहर में 12 घंटे के भीतर दो हत्याओं की वारदात को अंजाम दे दिया गया। ताजा मामला है नौबस्ता थाना क्षेत्र के रमन विहार इलाके का है, जहां प्रॉपर्टी डीलर की उसी के घर के अंदर सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगो ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।

घर में अकेले थे प्रह्लाद
रमन विहार में रहने वाले प्रह्लाद पाल प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। प्रह्लाद अपनी पत्नी रामप्यारी के साथ अपने निजी मकान में रहते थे। बुधवार को मृतक की पत्नी रामप्यारी अपने रिश्तेदारी में किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थी और प्रह्लाद घर में अकेले था। कार्यक्रम से गुरुवार को जब पत्नी घर लौटी तो उसने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और अंदर प्रह्लाद का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। वहीं, घर का पूरा समान भी बिखरा हुआ था।

रंजिश के चलते की गई हत्या!
रामप्यारी ने घटना की जानकारी नौबस्ता पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायर्ड टीम को भी बुलाया और पूरे घर की जांच की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस को मृतक के शव के पास से सिलबट्टा भी बरामद हुआ है। कयास लगाया जा रहा है कि सिलबट्टे से ही कुचल कर प्रह्लाद की हत्या की गई है। एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने बताया कि मृतक प्रॉपर्टी डीलर की रंजिश के चलते हत्या की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications