नई दिल्ली-हावड़ा रूट पर मालगाड़ी के 24 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल यातायात बाधित
कानपुर, 15 अक्टूबर: नई दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार की सुबह मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई। मालगाड़ी के 24 वैगन पटरी से उतरकर पलट गए। इस वजह से करीब 100 मीटर तक ट्रैक उखड़ गया है। बताया जा रहा है कि आपस में भिड़ने के बाद पांच वैगन किनारे तालाब में जा गिरे हैं। इससे नई दिल्ली-हावड़ा की अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद हो गया है। हादसा भाऊपुर व अंबियापुर स्टेशन के बीच हुआ है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे की है। नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर खाली वैगन लेकर मालगाड़ी कानपुर की ओर जा रही थी। तभी अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई और करीब कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इससे करीब 100 मीटर में ट्रैक उखड़ गया। ड्राइवर ने मालगाड़ी को रोकने की कोशिश की तो वैगन आपस में टकराते चले गए। तीन वैगन दिल्ली-हावड़ रेल लाइन की पटरियों पर जा गिरे, वहीं पांच वैगन दूसरी ओर तालाब में जा गिरे।
ड्राइवर ने अंबियापुर स्टेशन पर हादसे की सूचना दी, जिसके बाद कंट्रोल रूम को अवगत कराते हुए नई दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर अप व डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। रेलवे स्टाफ और तकनीकी टीम और रेलवे के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अंबियापुर स्टेशन मास्टर के मुताबिक, मालगाड़ी निकलने के समय तेज आवाज आ रही थी। वॉकी-टॉकी से ड्राइवर को सूचित किया गया, लेकिन तब तक हादसा हो गया और 24 वैगन पलट गए।
टूंडला-कानपुर-टूंडला की सभी पैसेंजर ट्रेनें कैंसिल
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे, प्रयागराज डिविजन के डीआरएम मोहित चंद्रा ने बताया कि मालगाड़ी के 24 वैगन पटरी से उतरे हैं, जिसकी वजह से दोनों अप और डाउन लाइन बाधित हुई है। आज देर रात तक ट्रैक को ठीक करने करने की कोशिश है। ट्रेनों को कानपुर से डायवर्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टूंडला-कानपुर-टूंडला की सभी पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया गया है।












Click it and Unblock the Notifications