धर्म छिपाकर युवक ने बर्बाद की दो लड़कियों की जिंदगी, जाकिर नाईक के वीडियो दिखाकर करता था माइंडवॉश
Kanpur news, कानपुर। यूपी के कानपुर में धर्म छिपाकर एक युवती से शादी और दूसरी से सगाई कर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। युवक युवतियों से मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाता था। मध्य प्रदेश के इंदौर से कानपुर पहुंची पीड़िता ने बताया कि युवक उसे जाकिर नाईक और बगदादी के वीडियो दिखाकर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाता था। पीड़िता का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस मामले में लापरवाही कर रही है।

एक से की शादी, दूसरी से सगाई
कानपुर के जाजमऊ में रहने वाला दानिश अली मल्टीनेशनल फार्मा कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर ने इंदौर में तैनाती के दौरान खुद को हिंदू बताकर युवतियों की जिंदगी बर्बाद कर दी। इंदौर से आई दो युवतियां इंसाफ के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं। दानिश ने एक से शादी की और दूसरी से सगाई कर ली। मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में रहने वाली युवती ने फार्मा कंपनी से दवा मंगाई थी, इसके बाद दानिश ने उसे अपना नाम जॉन सलूजा बताकर उससे दोस्ती कर ली। 31 अगस्त 2009 को कानपुर में आर्य समाज से शादी कर ली और उसी रात उसने अपनी असलियत बताई। दबाव बना अगले दिन निकाह कर लिया। इसके बाद वह कभी भोपाल, इंदौर तो कभी कानपुर में रखता रहा।

जबरन करवाया गर्भपात
इस बीच युवती गर्भवती हुई तो जबरन गर्भपात करा दिया। विरोध किया तो मारपीट की और तलाक देकर घर से निकाल दिया। युवती ने इंदौर महिला थाने व कानपुर चकेरी थाने में मुकदमा लिखाया था। पीड़िता का आरोप है कि दानिश उसे जाकिर नाईक और बगदादी के वीडियो दिखाकर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाता था। वहीं, दूसरी पीड़िता ने बताया कि दानिश ने अपना नाम राज उपाध्याय व पता मुंबई बताया था। 2015 में उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो घरवाले तैयार हो गए। 2016 में उसने सगाई कर ली और शारीरिक शोषण किया, लेकिन जब उसने किसी काम से दानिश का बैग देखा तो उसमें दानिश नाम की आईडी मिली, तब असलियत का पता लगा।

शारीरिक शोषण के बाद शादी से किया इनकार
वह कहता था कि वह मूलरूप से मेरठ का है। पिता हिंदू व मां मुस्लिम हैं। फरवरी 2019 में उसने शादीशुदा व मुस्लिम होने की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। युवती ने इंदौर में रेप का मुकदमा लिखवाया। पीड़िता इंसाफ के लिए कानपुर और इंदौर के चक्कर काट रही है, जबकि आरोपी के घरवाले दोनों युवतियों पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि पुलिस अभी भी मामले में टाला मटोली कर रही है। वहीं, इस मामले में हिंदू जगरण मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष मयंक शुक्ला ने कहा कि लव जिहाद का यह मामला सामने आने के बाद निश्चित तौर पर शासन और प्रशासन को गंभीर हो जाना चाहिए। धर्म छिपा कर युवतियों को बरगलाना और उनकी जिंदगी बर्बाद करना एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए संगठित गिरोह काम कर रहे हैं। ऐसे में आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ ही इसे रोकने के लिए कारगर रणनीति तैयार करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications