Kanpur News: दो स्कॉर्पियो के बोनट पर पैर रखकर लहराया भगवा झंडा, वीडियो वायरल हुआ तो कटा 22500 का चालान
Kanpur News: कानपुर में एक युवक को दो चलती स्कॉर्पियो के बोनट पर चढ़कर भगवा झंडा लहराना महंगा पड़ गया। जब रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो लोगों ने इस पर सवाल उठाना शुरू कर दिया।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और दोनों स्कॉर्पियों के गाड़ी नंबर के आधार पर 22500 रुपये का चालान काट दिया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठापन के दिन से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

यह वायरल वीडियो कानपुर के गंगा बैराज का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि गंगा बैराज पर एक साथ चल रही दो स्कॉर्पियों के बोनट पर एक युवक खड़ा है। उनके हाथ में भगवा झंडा है।
दोनों स्कॉर्पियो के अगले हिस्से पर हाथों के अलावा भगवा झंडा भी दिया गया है। दोनों गाड़ियों के नंबर प्लेट पर बॉस लिखा नजर आ रहा है। नियमों की धज्जियां उड़ाकर बनाया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद एक स्कॉर्पियो का 15500 रुपये और दूसरी स्कॉर्पियो का 7000 रुपये का चालान काटा गया। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति नियम तोड़ता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही युवक के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा कि गंगा बैराज पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications