Zika virus: कानपुर में जीका वायरस के 30 नए मामले, 66 हुई मरीजों की संख्या
कानपुर, 05 नवंबर: कानपुर में जीका वायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर में 30 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें 10 महिलाएं शामिल हैं। जिले में अब जीका वायरस के कुल 66 मामले हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चकेरी क्षेत्र के जीका प्रभावित मोहल्ले हरजेंदर नगर, एयरफोर्स परिसर, पोखरपुर, लालकुर्ती, मोतीनगर, अशरफाबाद, आदर्शनगर आदि से सैंपल भेजे थे। सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि 30 व्यक्तियों की रिपोर्ट जीका पॉजिटिव आई है। इनमें 10 महिलाएं शामिल हैं। जीका के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने इसकी रोकथाम के लिए नोडल ऑफिसर नियुक्त किए हैं, जो इसकी मॉनिटरिंग कर केस हिस्ट्री को पता लगाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जीका वायरस का प्रकोप फैलने से रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
Recommended Video

कानपुर में जीका वायरस के 30 नए मामले
डीएम विशाख जी. अय्यर ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि कानपुर में 30 और लोगों में जीका वायरस का संक्रमण पाया गया है। डीएम के मुताबिक, जिले में जीका वायरस के संक्रमण का पहला मामला 23 अक्टूबर को सामने आया था, जब एयरफोर्स के एक अधिकारी इसकी चपेट में आए। तब से अब तक यह संख्या बढ़कर 66 हो गई है। उन्होंने बताया कि एयरफोर्स सेंटर के आसपास के इलाकों में लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजा गया था।
जीका वायरस की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा है अभियान
डीएम ने बताया कि जीका वायरस से संक्रमित लोगों में 45 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह वायरस मच्छरों की वजह से फैलता है। इसकी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम बुखार के मरीजों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को चिह्नित कर उनका इलाज कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निगरानी और वायरस की जांच के लिए घर-घर जाकर नमूने लेना सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications