पहचान छिपाकर हिंदू नाम से कानपुर में चला रहा था रेस्टोरेंट, परोस रहा था नॉनवेज खाना, अब चला बुलडोजर
Kanpur News: पहचान छिपाकर हिंदू नाम से रेस्टोरेंट में नॉनवेज खाना परोसे जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद कानपुर नगर निगम ने शुक्रवार को 'मामा-भांजा' रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कानपुर नगर निगम ने ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई बजरंग दल द्वारा किए गए हंगामे के बाद की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक,मुस्लिम युवक मुबीन अहमद पर आरोप है कि अपनी पहचान छिपाते हुए हिंदू नाम से रेस्टोरेंट चला रहा था। रेस्टोरेंट में वह वेज के नाम पर नॉनवेज खाना परोसा रहा था। यह मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने रेस्टोरेंट बंद था। वहीं, अब रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चला दिया।

कानपुर के किदवई नगर और बारादेवी चौराहे के बीच स्थित 'मामा-भांजा' रेस्टोरेंट पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। बजरंग दल के सह-जिला संयोजक विशाल बजरंगी ने मुबीन अहमद पर आरोप लगाया कि वह अपनी मुस्लिम पहचान छिपाने के लिए तिलक लगाकर हिंदू होने का दिखावा कर रहा है।
साथ ही, यह भी आरोप लगाया कि वेज के नाम पर वहां नॉनवेज खाना दिया जा रहा था। रेस्टोरेंट के पूर्व कर्मचारी छोटू वर्मा ने खुलासा किया कि मुबीन अहमद तिलक लगाकर अपनी पहचान छिपाकर ग्राहकों को धोखा दे रहा था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत रेस्टोरेंट को बंद करवा दिया।
इस बीच, बजरंग दल और स्थानीय निवासियों ने इन कथित धोखाधड़ी के लिए मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। 6 अक्टूबर को विकास और अशोक त्रिपाठी ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत कानपुर डीएम के माध्यम से नगर निगम तक पहुंची, जिसके बाद मामले की जांच कराई गई।
नगर निगम के जोनल अधिकारी-3 चंद्र प्रकाश ने बताया कि स्थिति की समीक्षा करने के बाद उन्होंने बुलडोजर चलाकर रेस्टोरेंट को ध्वस्त करने का फैसला किया है। प्रशासन ने अपनी कार्रवाई को यह कहकर उचित ठहराया कि मुबीन अहमद ने अपनी दुकान के बाहर काफी अवैध अतिक्रमण कर रखा था।
नतीजतन, उन्होंने इन उल्लंघनों को दूर करने के लिए 'मामा-भांजा' रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई के दौरान, प्रशासन द्वारा ध्वस्तीकरण की योजना के तहत व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। इस कार्रवाई से पहले ही रेस्तरां को बंद कर दिया गया था क्योंकि इसके संचालन के बारे में पहले भी कई गड़बड़ियां और शिकायतें सामने आई थीं।












Click it and Unblock the Notifications