कानपुर में एक पत्रकार समेत 21 कोरोना पॉजिटिव, मरीजों की संख्या 167 हुई
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शनिवार को आई रिपोर्ट में एक पत्रकार समेत 21 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है। जिसके साथ ही शहर संक्रमित मरीजों का आकंड़ा बढ़कर 167 पहुंच गया है। शनिवार दोपहर में आई रिपोर्ट में छह और शाम को आई रिपोर्ट में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसमें से एक पत्रकार भी है। वहीं शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में और 13 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है।

सीएमओ डॉ अशोक शुक्ला ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को 21 नए मामलों में 12 नए संक्रमित कुली बाजार, पांच अनवरगंज, दो रोशननगर तथा एक-एक मसवानपुर और तलाकमहल क्षेत्र के हैं। इनमें अनवरगंज थाने के दो और अनवरगंज क्षेत्रधिकारी कार्यालय का एक पुलिसकर्मी शामिल है। इससे पहले भी अनवरगंज थाने व अभियोजन शाखा के एक-एक सिपाही में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज व लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) से आई कुल 284 लोगों की रिपोर्ट में 264 निगेटिव रहे।
दो और इलाके हॉट स्पॉट घोषित
सीएमओ ने बताया कि शनिवार को मसवानपुर और तलाक महल में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद दोनों इलाकों को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया। अब इन इलाकों को सील कर यहां स्क्रीनिंग कराई जाएगी।
संक्रमित महिला व पति पर मुकदमा दर्ज
उधर, रेल बाजार निवासी एक महिला व उसके पति के विरुद्ध महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। दरअसल जमातियों के संपर्क में आई महिला की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद जब पुलिस उसे इलाज के लिए लेने पहुंची तो वह घर पर नहीं मिली। पता चला कि संक्रमण की पुष्टि से पहले ही वह पति से झगड़कर मायके चली गई थी। जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को घर में क्वारंटाइन रहने का निर्देश दिया था।












Click it and Unblock the Notifications