कानपुर: मेट्रो के ट्रायल को सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी, जानें कब से आम लोग कर सकेंगे सफर
कानपुर: मेट्रो के ट्रायल को सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी, जानें कब से आम लोग कर सकेंगे सफर
कानपुर, 10 नवंबर: कानपुर में मेट्रो के ट्रायल रन की शुरूआत आज यानी (बुधवार 10 नवंबर) को हो गई है। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो के ट्रायल रन की शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कानपुर वासियों को बधाई भी दी। साथ ही कहा कि अगले चार-छह हफ्तों में यह सेवा नियमित रूप से शुरू हो जाएगी। बता दें, आईआईटी से लेकर मोतीझील तक चलने वाली मेट्रो का रूट 9 किलोमीटर लंबा होगा, जिसपर 9 स्टेशन बने हैं।

इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश महाना और जयप्रताप सिंह के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेट्रो में सफर भी किया। मेट्रो का शुभारंभ करने के दौरान सीएम ने कहा कि अब कानपुर भी मेट्रो सिटी बन गया है। सीएम ने कहा कि कानपुर को मेट्रो की सौगात बहुत पहले ही मिल जानी चाहिए थी, लेकिन अपनी नकारात्मक और भ्रष्ट रवैया के कारण पिछली सरकारों के चलते ऐसा नहीं हो सका। उनकी सरकार ने 2019 में इस योजना की शुरुआत की थी। आज निर्धारित समय के पहले ट्रायल रन शुरू हो गया है।
सीएम ने कहा कि ट्रायल रन के बाद अगले एक से डेढ़ महीने में पीएम मोदी के हाथों कानपुर वासियों को इस सेवा की सौगात मिलेगी। अगले चार-छह हफ्तों में ट्रायल रन और अन्य औपचारिकताओं को पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि कोरोना काल में मेट्रो के काम की शुरुआत और उसे पूरा करना बहुत बड़ी उपलब्धि है। सीएम ने बताया कि कानपुर मेट्रो में नौ स्टेशन होंगे। अब यूपी में मेट्रो शहर वाले कुल पांच शहर हो जाएंगे। कानपुर अगले एक से डेढ़ महीने के अंदर इस सुविधा से जुड़ जाएगा।
Recommended Video
शुभारंभ के बाद अगले चार-छह हफ्ते तक मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रिसर्च डिजाइन स्टैंडर्स ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) के साथ जारी रहेगा। इस समयावधि में ट्रेन के सस्पेंशन और परिचालन के दौरान ट्रेन की बॉडी में आने वाले वाइब्रेशन, ब्रेक्स और गति आदि के संबंध में परीक्षण होगा। परीक्षण पूरा होने के बाद मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त से अनुमोदन प्राप्त करने की कवायद होगी। फिर ये सुविधा कानपुर वासियों के लिए उपलब्ध हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications