बिस्तर पर किया पेशाब तो पिता ने 4 साल के मासूम को पीट-पीटकर मार डाला, जान बख्शने की भीख मांगती रहीं मां
Kanpur News: दिल दहला देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सामने आई है, जहां एक पिता ने चार साल के बेटे की बेरहमी से पिटाई के बाद जमीन पर पटक कर हत्या कर दी। हत्या के पीछे जो वजह सामने आई है वो काफी हैरान करने वाली है। दरअसल, मासूम का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने रात में सोते समय बिस्तर पर पेशाब कर दिया था। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संतराम प्रजापति मूलरूप से हमीरपुर जिले का रहने वाला है। वो पिछले काफी समय कानपुर जिले के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे में काम करता था। हथेरूआ गांव के समीप स्थित झोपड़ी में अपनी पत्नी अनीता, बेटी अंजना (10), खुशबू (7) और बेटे रवींद्र (4) के साथ रहता था। अनीता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम को रोज की तरह सभी लोग खाना खाने के बाद साथ सो रहे थे। मंगलवार भोर पहर पिता संतराम के बगल में सो रहे बेटे रविंद्र ने बिस्तर पर पेशाब कर दिया था।
जान बख्शने की भीख मांगती रहीं मां और बेटियां
इस बात से नाराज होकर संतराम ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। रोने की आवाज सुनकर पास में लेटी बेटियों की भी नींद खुल गई और वह अपने भाई को बचाने के लिए पिता के आगे हाथ जोड़ने लगीं। संतराम ने उनकी भी पिटाई कर दी। अनीता ने भी बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उसे भी मारा पीटा और जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। संतराम ने बेटे को जमीन पर पटक दिया और तब तक पीटा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। बेटे की मौत का पता चलते ही पति ने लोडर से पूरे परिवार को लेकर शव गांव छानी खुर्द लेकर चला गया।
भाई को बताया पूरा घटनाक्रम
उसने धमकी दी थी कि यदि बेटे की हत्या की बात घर से बाहर गई तो परिवार को खत्म कर दूंगा। लेकिन मृतक की मां अनीता ने मौका पाकर बुधवार देर शाम अपने भाई अजय को फोन पर पूरा घटनाक्रम बताया और रोने लगी। जिसके बाद भाई अजय ने अन्य परिजनों के साथ गांव पहुंचकर आरोपी संतराम को पकड़कर पीटा और हमीरपुर पुलिस को घटना की सूचना दी। हमीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर और संतराम को गिरफ्तार कर घाटमपुर पुलिस को सौंप दिया। घाटमपुर पुलिस ने संतराम पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
क्या कहा पुलिस ने
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हमीरपुर पुलिस ने घटना की जानकारी घाटमपुर पुलिस को दी थी। जिस पर एक टीम ने हमीरपुर जाकर संतराम को गिरफ्तार कर बच्चे के शव को कब्जे में लिया। संतराम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसके ऊपर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications