पत्नी ने पति को मार सड़क पर फेंका फिर कार से कुचली लाश, गमछे ने खोला हत्यारी बीवी का राज
कन्नौज। कन्नौज की तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत युवक की हत्या कर ग्राम कलुआपुर के पास रोड पर शव फेंकने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस टीम ने राजफाश कर मुख्य आरोपी महिला व उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि प्रेमी के साथ मिलकर मृतक की पत्नी ने ही हत्या का षड्यंत्र रचा था। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ओमनी कार व मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज था हत्या का मुकदमा
पुलिस ऑफिस में घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि विगत 13 जनवरी 2020 की देर शाम तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कलुआपुर में स्थित माध्यमिक विद्यालय के पास रोड पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। घटना को दुर्घटना बनाने के लिए हत्यारों द्वारा शव के ऊपर से वाहन निकाला गया था। मृतक की पहचान ग्राम मलिहापुर तिर्वा निवासी ईश्वर दयाल पुत्र बच्चन लाल के रूप में हुई थी। घटना को लेकर मृतक की मां लक्ष्मी देवी पत्नी स्व. बच्चन लाल ने तिर्वा कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले का जल्द खुलासा किए जाने के निर्देश दिए थे। जिसके चलते अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में तिर्वा कोतवाली प्रभारी त्रिभुवन प्रसाद वर्मा ने घटना की बिंदुवार समीक्षा की।
Recommended Video

गमछे ने खोला राज
पुलिस को ईश्वर दयाल के शव के पास से एक गमछा बरामद हुआ। पुलिस ने गमछे के बारे में पूछताछ की तो यह गमछा मृतक का नहीं निकला। इससे पुलिस का शक बढ़ गया। पुलिस ने सर्विलांस से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई तो इस दौरान छोटेलाल का मोबाइल घटनास्थल के पास चालू पाया गया। इससे पुलिस का हादसा नहीं हत्या का शक बढ़ गया।

पत्नी ने रची थी पूरी साजिश
आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस टीम ने मृतक ईश्वर दयाल की पत्नी राधा देवी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के दौरान एक के बाद एक घटना से पर्दा उठने लगा। पुलिस टीम ने राधा देवी के प्रेमी छोटेलाल पुत्र बालकराम निवासी ग्राम बलिहापुर समेत उसके साथी गिरजाशंकर पुत्र बृजलाल निवासी ग्राम भुलभुलियापुर तिर्वा, सुघर सिंह पुत्र जिलेदार निवासी ग्राम बसहत थाना किशनी जिला मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त ओमनी वैन समेत एक मोबाइल भी बरामद किया है। एसपी ने बताया की राधा देवी ने ही अपनी मां गीता देवी पत्नी श्रीकृष्ण निवासी अमोलर तालग्राम और प्रेमी छोटेलाल के साथ मिलकर अपने पति की मौत की साजिश रची थी। पुलिस टीम ने उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications