केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अस्पताल में मरीजों के परिजनों को दी बालाजी को नारियल चढ़ाने की सलाह
जोधपुर, 27 अप्रैल। देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। राजस्थान भी इससे अछूता नहीं है। प्रदेश में सोमवार को कोरोना से 16 हजार 438 नए लोग संक्रमित हो गए।इस बीच केंद्रीय मंत्री व राजस्थान के जोधपुर से भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने अस्पताल में परेशान मरीजों के परिजनों को अजीब सलाह दी। मंत्री सिंह ने कहा कि बालाजी महाराज (हनुमान जी) को नारियल चढ़ाओ सब ठीक होगा।

अस्पतालों में मरीज बेड और आक्सीजन की कमी से जूझ रहे हैं। मरीजों के परिजनों परेशान हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री की इस तरह की सलाह सुर्खियों में है। केंद्रीय मंत्री शेखावत सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र जोधपुर में सरकारी अस्पतालों का दौरा किया था।

इस दौरान कुछ परेशान परिजन जब केन्द्रीय मंत्री शेखावत के पास मदद की उम्मीद लेकर आए तो मंत्री जी ने उन्हें सलाह दी कि डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं, वो तो बाला जी (हनुमान जी) को एक गोटा (नारियल) चढ़ा दें, बाला जी सब ठीक करेंगे।
इसके बाद जब मंत्री की नारियल वाली यह सलाह वायरल होने लगी तो उन्होंने खुद इस पर सफाई दी। अपने फेसबुक पेज पर केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लिखा कि डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं और बालाजी महाराज को आप नारियल चढ़ा देना, भगवान सब ठीक करेंगे कहना किस नजरिए से गलत है?
विरोधी मुझे समझाएं कि अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन को ढाढ़स बंधाना किस मानसिकता से गलत है, यह स्पष्ट किया जाए। एक परेशान माताजी को दवा और दुआ दोनों पर भरोसा दिलाना मेरे कर्तव्य के दायरे में आता है और वही मैंने निभाया। मैं अस्पतालों की व्यवस्था जांचने ही गया था और सब देखने के बाद ही कहा कि डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं। मैं बता दूं कि मुझे वहां दिन-रात ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों द्वारा किए जा रहे इलाज पर कोई संदेह नहीं है। निश्चित रूप से वे अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications