Jodhpur Murder : मामूली बात पर पड़ोसी दुकानदार ने घोंप दिया चाकू, सबके सामने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
जोधपुर। जोधपुर के देवनगर थानान्तर्गत राजीव गांधी कॉलोनी में प्यारे मोहन चौराहे से कुछ आगे पार्षद के ऑफिस के बाहर आपसी विवाद में मंगलवार को एक दुकानदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दूसरे दुकानदार को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार कॉलोनी में लकड़ी बेचने की दुकान चलाने वाले सत्यनारायण गौड़ की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। पड़ोसी दुकानदार प्रवीण घांची पर हत्या करने का आरोप है। उसने चाकू के चार-पांच वार सत्यनारायण पर किए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। तब आरोपी मौके से भाग निकला था।
आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके से फरार होने वाले प्रवीण का पुलिस ने कुछ दूरी पर ही दबोच लिया। बताया जा रहा है कि सत्यनायण गौड़ व आरोपी प्रवीण घांची के बीच गाली-गलौच व आपसी तकरार को लेकर कुछ दिन से विवाद चल रहा था। इसी के चलते मंगलवार अपराह्न दोनों आपस में झगड़े पर उतारू हो गए।
खून अधिक बहने से मौके पर ही मृत्यु हो गई
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से चार-पांच वार कर दिए, जिससे खून बहने लगा और सत्यनारायण मौके पर ही गिर गया। खून अधिक बहने से मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। देव नगर थाने से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे व जांच शुरू की। एफएसएल को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रारम्भिक जांच के बाद शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया। राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल पारीक मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications