रात को खाना खाकर सोया था पति, पत्नी ने सिर काटकर चढ़ा दी बलि
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में एक महिला को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल सोमवार को चैनपुर थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में सिर कटी लाश मिली थी।मंगलवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर कटा सिर बरामद किया गया। पुलिस ने शव की शिनाख्त चैनपुर निवासी 45 वर्षीय दशरथ साव के रूप में की। पुलिस ने जांच के बाद दशरथ की पत्नी बसंती देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

चैनपुर थाना प्रभारी सुनीत कुमार के मुताबिक, मृतक की पत्नी बसंती देवी ने अपने मामा व ममेरे भाई समेत दो अन्य लोगों की मदद से हत्या करने की बात स्वीकार की है। जानकारी के मुताबिक, बसंती देवी घर पर पूजा स्थल बनाकर झाड़ फूंक का काम करती है। इस बात को लेकर पति का उससे झगड़ा होता था।
दशरथ साव के पुत्र सोनू ने बताया कि रविवार की रात खाना खाने के बाद उसके पिता सो गए थे। सोमवार की सुबह जब वह उठा तो पिता वहां मौजूद नहीं थे। मृतक के बड़े भाई जीतन साव ने बताया कि उसके भाई की पत्नी बसंती देवी घर पर देवास लगाती है व झाड़-फूंक का काम करती है। उसने भी अपने भाई दशरथ के बलि दिए जाने की आशंका जताई है।












Click it and Unblock the Notifications