झारखंड: जामताड़ा स्टेशन के पास बड़ा हादसा, 12 यात्रियों पर चढ़ी ट्रेन, कई की मौत
Jamtara Train Accident: झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा हो गया। यहां के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन यात्रियों पर चढ़ गई, जिसकी चपेट में आकर कई लोगों के मरने की सूचना मिली है। हादसा जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन के बीच हुआ, जहां कई यात्रियों पर ट्रेन चढ़ गई।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस हादसे में 12 लोग ट्रेन की चपेट में आए हैं, जबकि रेस्क्यू टीम को 2 लोगों के शव बरामद हुए। रात में अंधेरा के कारण जान गंवाने वालों की संख्या का फिलहाल सही अनुमान अभी पता नहीं लग पाया है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

ट्रेन ने यात्रियों को कुचला
हादसे को लेकर उपायुक्त, जामताड़ा ने बताया कि जामताड़ा के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन ने यात्रियों को कुचल दिया। कुछ मौतों की सूचना मिली है। मौतों की सही संख्या की पुष्टि बाद में की जाएगी। मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है।

घटना स्थल पर बचाव अभियान जारी
वहीं घटना स्थल पर बचाव अभियान जारी है। सूत्रों के मुताबिक ट्रेन दुर्घटना में लगभग 12 लोगों की जान चली गई है। हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक ये लोग आसनसोल और झाझा के बीच गुजर रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आए हैं।
#WATCH | Jharkhand: Rescue operations are underway at Kalajharia railway station in Jamtara after a train ran over several passengers. https://t.co/kVDqS0PetF pic.twitter.com/ItEVsMhzAJ
— ANI (@ANI) February 28, 2024
दो मौतों की पुष्टि
जामताड़ा ट्रेन हादसा पर कौशिक मित्रा, सीपीआरओ, पूर्वी रेलवे ने बताया कि विद्यासागर कासितार से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12254 से कम से कम 2 किमी दूर ट्रैक पर चल रहे दो व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गए। आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है। फिलहाल दो मौतों की पुष्टि हो चुकी है। मृतक यात्री नहीं थे बल्कि ट्रैक पर चल रहे थे। मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय जेएजी समिति का गठन किया गया है।
जामताड़ा के एसडीएम अनंत कुमार ने कहा, "दो शव बरामद कर लिए गए हैं। हमने रेलवे से एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने का अनुरोध किया है। जांच के बाद घटना का कारण पता चलेगा।"
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने जताया दुख
ट्रेन हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने ट्वीट किया, "जामताड़ा के कलझारिया स्टेशन के पास हुई ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर से मन व्यथित है। ईश्वर दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें। प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"
राष्ट्रपति ने ट्वीट कर शोक किया व्यक्त
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, "झारखंड के जामताड़ा जिले में एक रेल दुर्घटना में अनेक लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जारी किए आदेश
वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जामताड़ा के उपायुक्त को राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने का निर्देश दिया है और सिविल सर्जन जामताड़ा को घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का भी निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया है कि इलाज में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने कहा, "इस घटना में करीब 3 लोगों की मृत्यु हुई है और कई लोग लापता हैं। ऐसी सूचना मुझे मिली है। ये दु:खद घटना है। मैं मौके के लिए रवाना हो रहा हूं। मैंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। हम इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएंगे... मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।''












Click it and Unblock the Notifications