कैश कांड: निलंबित कांग्रेस विधायकों के खिलाफ FIR निरस्त, इरफान बोले- मेरे दोस्तों ने मुझे इसमें फंसाया
पश्चिम बंगाल पुलिस ने झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों के पास से 49 लाख रुपए की नकदी कार में पकड़ी थी। जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया था।

Cash Scandal case: कैश कांड में फंसे झारखंड कांग्रेस के तीन निलंबित विधायकों को आज झारखंड हाईकोर्ट से राहत मिल गई है। दरअसल, झारखंड हाईकोर्ट ने रांची के अरगोड़ा थाने में दर्ज जीरो एफआईआर को विधि सम्मत नहीं बताते हुए निरस्त कर दिया। जीरो एफआईआर को कोलकाता स्थानांतरित किया गया था। जिसके खिलाफ निलंबित कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी(Irfan Ansari), राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। वहीं आज अब तीनों विधायकों को राहत देते हुए एफआईआर निरस्त कर दिया।
हमें दोस्तों ने फंसाया: इरफान अंसारी
कैश कांड में प्राथमिकी खारिज करने के बाद निलंबित कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि मेरे दोस्तों ने मुझे इसमें फंसाया। मैं ही जानता हूं, मैं कांग्रेस का ईमानदार नेता हूं, इस आरोप के बाद मुझे बहुत तकलीफ हुई थी, लेकिन आज आजाद हूं। हमें भाजपा के खिलाफ लड़ने की जरूरत है न कि आपस में लड़ने की जरूरत है।
विधायकों ने साड़ी खरीदने की बात कही थी
उस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने उस समय नकदी की जब्ती का जिक्र करते हुए ट्वीट किया था कि झारखंड में भाजपा के 'ऑपरेशन लोटस' का आज रात हावड़ा में पर्दाफाश हो गया। जबकि गिरफ्तार किए गए तीन विधायकों ने दावा किया था कि वे कोलकाता से साड़ियां खरीदने के लिए नकदी ले जा रहे थे, पश्चिम बंगाल पुलिस के सूत्रों ने कहा कि विधायक गुवाहाटी से कोलकाता लौटे थे। वहीं कांग्रेस के लगाए आरोपों का जवाब देते हुए, असम के मुख्यमंत्री ने कहा था कि झारखंड में सरकार को गिराने की कोशिश के आरोप सही नहीं हैं और कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने उनके साथ अच्छे संबंध बनाए रखे।
झारखंड हाईकोर्ट ने 24 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था
कैश कांड में झारखंड हाईकोर्ट ने 24 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। तीनों निलंबित कांग्रेस विधायकों के खिलाफ सरकार गिराने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए रांची के अरगोड़ा थाने में जीरो प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications