झारखंड: भैंसा का आतंक, पिता पुत्र पर हमला कर मार डाला और घंटों शव के पास घूमता रहा
सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आक्रमक भैंसे ने पिता-पुत्र को पटक-पटक कर मार डाला। यह घटना जिले के रेंगारी थाना क्षेत्र स्थित पाइकपारा बोड़कटोली गांव की है। भैंसे का रवैया देखकर गांव में काफी देर तक हड़कंप मचा रहा। भैंसे के चलते देर शाम तक शवों को कब्जे में भी नहीं लिया जा सका था। गांव के मुखिया एथेलरेडा ने बताया कि गांव निवासी जगन्नाथ मांझी अपने बेटे नारायण मांझी के साथ भैंस को चराने के लिए जंगल की तरफ गए थे।

भैंस के साथ एक भैंसा भी था और अचानक से वह आक्रमक हो गया और जगन्नाथ मांझी पर हमला कर दिया। इस दौरान पिता को बचाने के लिए बेटा नारायण मांझी दौड़ते हुए आया। इस दौरान बेकाबू हो चुके भैंसे ने नारायण मांझी को भी पटक दिया और पैरों से कुचल भी दिया। इससे घटनास्थल पर ही पिता-पुत्र की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुधीर बाड़ा घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि बेकाबू भैंस जंगल में ही घूम रहा है। इसलिए गांव के लोग जंगल में जाने से डर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बेकाबू भैंसा शव के ईर्द-गिर्द ही काफी देर तक घूमता रहा, जिसके चलते शव को उठाने में काफी देर भी हुई।
वहीं चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में 10 लाख के इनामी नक्सली परमजीत उर्फ सोनू दास का शव बरामद हुआ। एसडीपीओ वचनदेव कुजूर ने बताया कि टिकदा गांव के पास सुथाय जंगल में एक व्यक्ति की हत्या कर शव फेंके जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान 10 लाख के इनामी नक्सली परमजीत उर्फ सोनू दास के रूप में की गई।












Click it and Unblock the Notifications