झारखंडः पाकुड़ में बीमार पत्नी ने नहीं बनाया खाना तो पति ने कर दी हत्या
पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सिमलोंग थाना क्षेत्र के तितली पहाड़ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बीमार पत्नी ने पति को खाना बनाकर नहीं दिया तो युवक ने मौत के घाट उटार दिया। आरोपित पति ने पत्नी के पेट में चाकू घोंपकर निर्ममता से उसकी हत्या कर दी। वहीं घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपित की गिरफ्तारी बहुत जल्द ही होगी।

पुलिस के अनुसार आरोपित रामा पहाड़िया हर रोज की तरह काम करके घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी कुड़ी पहाड़ीन से खाना मांगा। इस दौरान पत्नी ने खाना नहीं बनाने की बात कही तो पति रामा पहाड़िया आग-बबूला हो गया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने अपनी 35 साल की पत्नी को चाकू से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक पत्नी कुड़ी पहाड़िन कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। उसकी शारीरिक हालत ठीक नहीं थी। रामा पहाड़िया उसका इलाज करवा रहा था। बीमारी के हालत में भी उसपर काम करने का दबाव डालता रहता था।
हत्यारे पति की तलाश कर रही पुलिस
पत्नी की हत्या को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी रामा पहाड़िया फरार है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने सिमलोंग थाना को दी। थाना प्रभारी कांति विलास अविनाश सहित एसआई रोशन कुमार ने अमले के साथ पहुंचकर सबसे पहले शव को कब्ज़े में लिया और फिर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा। वहीं, एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की, तो अविनाश ने बताया कि हत्यारे की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications