झारखंड में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में एक नक्सली ढेर, BSF के डिप्टी कमांडेंट शहीद
नई दिल्ली, 29 सितंबर: झारखंड के लातेहार जिले के सलैया में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन मुक्ति मोर्चा (JJMP) के खिलाफ ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार शहीद हो गए। बाद में जवाब कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को भी मार गिराया। जिसके पास से हथियार बरामद हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक झारखंड जगुआर की टीम ने नक्सलियों के खिलाफ लातेहार जिले के सलैया में ऑपरेशन चला रखा था। इसी दौरान जवानों का JJMP के सदस्यों से आमना-सामना हो गया। जिन्होंने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार घायल हो गए। इसके बाद उनको तुरंत एयरलिफ्ट करके रांची लाकर मेडिका में भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मामले में झारखंड पुलिस के एडीजी ऑपरेशन ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन के तहत झारखंड जगुआर और CRPF की टीमें निकली थीं। इस दौरान मुठभेड़ हुई और हमारे बहादुर साथी डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार की जान गई। एक नक्सली का शव और 7 हथियार बरामद हुए। ऑपरेशन अभी जारी है। इलाके में कई नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है।
नक्सल समस्या पर केंद्र गंभीर
दो दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी। हालांकि झारखंड के सीएम इस बैठक में नहीं पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार चाहती है कि नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में तेजी लाई जाए। इसके लिए राज्यों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही उनकी फंडिंग रोकने का भी प्लान केंद्र तैयार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications