Jharkhand: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मोरहाबादी मैदान में दही हांडी प्रतियोगिता, सीएम हेमंत सोरेन भी हुए शामिल
Janmashtami 2023: झारखंड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है। रांची के मोरहाबादी मैदान में दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुये।
Janmashtami 2023: रांची में झमाझम बारिश के बीच श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव छाया रहा। उत्सवी अंदाज में सजे छोटे-छोटे बच्चे नगर में बाल गोपाल और गोपी राधा के रूप में नजर आये। मोरहाबादी, मेन रोड और धुर्वा समेत विभिन्न क्षेत्र के राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धालु राधे-राधे का जयकारा लगाते दिखे। वहीं, बुधवार की शाम ढलते ही हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की एक स्वर में गोविंदाओं का जत्था मोरहाबादी ग्राउंड में उतरा।
देखते ही देखते महिलाओं और पुरुषों का अलग-अलग समूह 30 से 35 फीट ऊंचे पिरामिड का शक्ल लेने लगा। दही-हांडी फोड़ने का उत्साह देखते ही बन रहा था।गोविंदाओं के उत्साह को बढ़ाने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मोरहाबादी ग्राउंड पहुंचे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता शुरू की। बुधवार की रात लगभग 10:00 बजे पुरुष वर्ग की गोविंदा टीम ने मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने की कोशिश की। पहले, दूसरे और तीसरे प्रयास में टीम असफल रही। फिर टीम ने एकजुट होकर दोबारा प्रयास किया और पिरामिड का आकार बढ़ाया। टीम ने 6 मिनट का समय पूरा कर लिया था। तो उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। दूसरा प्रयास मांडर की टीम ने किया और वह भी असफल रही।नेशनल स्कूल ऑफ योगा की टीम ने पहले ही कोशिश में दही हांडी फोड़ दी। टीम मात्र 44 सेकंड में पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने में सफल रही।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित बाल गोपाल व राधा पोशाक प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया। 5 साल तक के आयु वर्ग में प्रथम पुरस्कार हर्षवी सिंह और दूसरा और तीसरा पुरस्कार संयुक्त रूप से आरव गुप्ता व गौरांशी आर्या और युवान शौर्य और परिधि श्रीवास्तव को दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भारत की संस्कृति से जुड़ी हुई धार्मिक आस्था लोगों को उत्साहित करती है। लोगों को भी धार्मिक आस्था से जुड़ना चाहिए। आस्था अनंत काल तक लोगों में जीवंत रहेगी। भगवान श्री कृष्ण का परिचय शब्दों में करना आसान नहीं है। भगवान श्री कृष्ण युग का प्रतिनिधित्व करते हैं।
संवाद सूत्र - अभिषेक कुमार/झारखंड












Click it and Unblock the Notifications