लातेहारः बाथरूम में जाने के बहाने फरार हो गया PLFI का एरिया कमांडर, तलाश जारी
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया ( PLFI ) का एरिया कमांडर मंगलवार को थाने की हाजत से फरार हो गया। फरार एरिया कमांडर कृष्णा यादव उर्फ सुल्तान बालूमाथ थाने की हाजत में बंद था और सुबह के समय वह शौच के बहाने से हाजत से बाहर निकला और थाने की बाउंड्री फांदकर भाग निकला। बता दें कि आज ही कृष्णा को रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद वापस जेल भेजा जाना था। वहीं इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

उसकी तलाश में अलग-अलग जगहों पर पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। कृष्णा यादव उर्फ सुल्तान चान्हो थानाक्षेत्र के करमटोली गांव का निवासी है। फरार पीएलएफआई एरिया कमांडर कृष्णा रांची के चान्हो, खलारी, बुढ़मू, लातेहार के बालूमाथ और चंदवा में सक्रिय रहा है। उसे साल 2020 के नवंबर माह में लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था।
कुछ दिन पूर्व बालूमाथ पुलिस ने कृष्णा को रिमांड पर लिया था। मंगलवार को उसकी रिमांड अवधि पूरी होने के बाद जेल भेजा जाना था पर इससे पहले ही वह फरार हो गया। पलामू रेंज के डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने बताया कि बालूमाथ थाना से एक आरोपी के भाग जाने की जानकारी मिली है। उसे फिर से गिरफ्तार करने के लिए बालूमाथ पुलिस को विशेष दिशा- निर्देश दिया गया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार सुबह तकरीबन 5 बजे शौच के बहाने कृष्णा हाजत से निकलकर फरार हो गया। कृष्णा पर आगजनी, लेवी और वसूली के कई मामले दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications