खूंटीः रुपयों के लिए मां-बाप को पीट-पीटकर बेटे ने मार डाला, कभी जमीन बेचकर पिता ने कराया था रिहा
खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले के सिलादोन गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने माता-पिता की निर्ममता से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपित फरार है। आरोपित युवक का पैसे की लेन-देन को लेकर अक्सर माता-पिता से झगड़ा होता रहता था। वह पिता की पिटाई करने के मामले में पहले भी जेल जा चुका था। उस वक्त पिता ने ही जमीन बेटकर बेटे को रिहा करवाया था। मृतक दंपति की पहचान 65 वर्षीय राजेंद्र महतो और 60 वर्षीय पिटेल देवी के रूप में हुई है। बुधवार को पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

मंगलवार की देर रात को युवक रामकुमार महतो की अपने पिता से पैसे को लेकर कहासुनी हुई थी। बात बढ़ने पर उसने पिता और माता को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इसके चलते मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। मृतकों के बड़े बेटे श्याम कुमार महतो ने बताया कि राजकुमार पैसे को लेकर अक्सर मां-बाप से झगड़ा करता रहता था। हत्या की वारदात को अंजाम देकर राजकुमार महतो फरार हो गया। गांव वालों ने खोजबीन भी की लेकिन कोई खबर नहीं मिली। वहीं पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित बेटे की तलाश शुरू कर दी है।
पलामू में भाजपा नेता के बेटी की हत्या
वहीं पलामू जिले के पांकी ब्लॉक के सूडी पंचायत के बांदुबार में भाजपा नेता श्याम नारायण प्रजापति की बेटी चंदा कुमारी (16) का शव बुधवार की सुबह एक पेड़ पर बने फंदे से लटका मिला। मृतका 10वीं की छात्रा थी। उसकी एक आंख पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। वह सोमवार सुबह 11 बजे से अपने घर से गायब थी। परिजनों ने मंगलवार को थाना में उसकी गुमशुदगी की जानकारी भी दी थी। इधर, शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मान रही है।












Click it and Unblock the Notifications