Jharkhand: रांची से महाकुंभ जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 35 जान
Jharkhand News: रांची से प्रयागराज महाकुंभ जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस में झारखंड के रामगढ़ जिले में भीषण आग लग गई। हालांकि, इस हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। ऐसा बताया जा रहा है कि ड्राइवर की सूझबूझ से बस में सवार सभी 35 श्रद्धालुओं की जान बच गई है।
हालांकि, पूरी बस में देखते ही देखते आग लग गई। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई थी। यह हादसा रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में हेसागढ़ा के पास हुआ है। ईटीवी भारत की खबर के मुताबिक, रांची से एक बस करीब 35 श्रद्धालुओं को लेकर महाकुंभ प्रयागराज जा रही थी।

इसी दौरान बस में पीछे से धुआं निकलना शुरू हुआ। जैसे ही ड्राइवर की नजर धुएं पर पड़ी तो वो सर्तक हो गया और बस को साइड लगाकर सभी श्रद्धालुओं को बस नीचे उतार दिया। इस दौरान ड्राइवर ने बस में लगी आग को भी बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग बुझने के बजाय बढ़ने लगी और इस दौरान आनन फानन में बस में सवार सभी श्रद्धालुओं ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
वहीं, इस हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ कुजू और मांडू पुलिस पहुंची भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, जब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ, लेकिन नेशनल हाइवे 33 पर करीब 2 घंटे तक पूरी तरह अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला।
थाना प्रभारी कूजू ओपी मोहमद नौशाद ने बताया कि देर रात आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वो मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की टीम को फोन किया गया, लेकिन तब तक आग ने बस को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया था। फायर ब्रिगेड की टीम ने आकर आग को बुझाया लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल गई थी। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications