बालकनी में खड़े होकर बेटी कर रही थी फोन पर बात तो मां ने लगाई डांट फिर उठाया खौफनाक कदम
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर शहर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बालाजी नगर में एक युवती ने हुडको डैम में कूदकर जान दे दी। युवती की शिनाख्त पूजा कुमारी के रूप में हुई। मृतक युवती ने गोविंदपुर राजेंद्र इंटर कॉलेज में फाइनल ईयर का परीक्षा दिया था। बीते 21 अप्रैल को लड़की की मां ने फोन पर दिनभर बात करने को लेकर डांट लगाई थी, जिससे नाराज होकर वह रात को आठ बजे घर से निकल गई थी।

बुधवार की सुबह डैम के सुरक्षागार्ड ने देखा शव
बीते बुधवार की सुबह जब हुडको डैम में तैनात सुरक्षागार्ड ने शव को देखा तो उसने मृतका के परिजनों व पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे मृतक युवती के पिता दिवाकर सिंह ने पुलिस की मदद से शव को डैम से बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। डैम में लाश मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी।

फोन पर बात करने के लिए मां ने लगाई थी डांट
इस मामले में गोविंदपुर थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस पूजा के मोबाइल की भी जांच कर रही है। पिता दिवाकर सिंह ने बताया कि वह घूम-घूम कर गुटखा बेचने का काम करते हैं। प्रेम वर्मा के घर में किराए पर रहते हैं। मृतक पूजा उनकी मंझली बेटी थी। वह अकसर फोन पर बात करती रहती थी। मंगलवार की शाम उनकी पत्नी दुकान जा रही थी। इस दौरान उन्होंने पूजा को घर के बाहर बात करते देखा तो डांट लगा दी।

लड़की ने उठाया खौफनाक कदम
इसके बाद पूजा घर के अंदर आकर कमरे में बैठ गई। लेकिन जब रात आठ बजे उनकी पत्नी काम में हाथ बंटाने के लिए बेटी पूजा को बुलाने कमरे में गई तो वह वहां नहीं मिली। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद कुछ लोगों ने बताया कि पूजा डैम की तरफ गई है। डैम में जाकर पूछा तो गार्ड ने बताया कि कोई नहीं आया है। सुबह छह बजे गार्ड ने शव मिलने की सूचना दी।












Click it and Unblock the Notifications