Jharkhand Election: झारखंड की सभी सीटों पर कांग्रेस की तैयारी, उम्मीदवार चयन का क्या होगा फॉर्मूला?
Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। सीटों और उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी ने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है, जो कि दो दिन के चुनावी राज्य के दौरे पर रही।
3 सदस्यों की स्क्रीनिंग कमेटी ने अपने दो दिनों के भीतर राज्य के सभी बड़े नेताओं के साथ मीटिंग करते हुए सभी सीटों पर मंथन किया। साथ ही सभी जिला अध्यक्षों और उम्मीदवारों के साथ भी मुलाकात की। इसी के साथ रविवार को स्क्रीनिंग कमेटी ने कहा कि पार्टी झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए अपनी तैयारी कर रही है।

गिरीश चोडनकर का दौरा
इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी लोगों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एक सीट पर आ रहे 50-50 आवेदन
उन्होंने कहा, "हमें शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 से 100 आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। फिलहाल पार्टी राज्य भर की सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए अपनी तैयारी कर रही है।" उन्होंने कहा कि अगले एजेंडे में जिला लेवल की बैठकें होगी, जिसमें चुनाव रणनीति को और बेहतर बनाया जाएगा। इन बैठकों से स्थानीय मुद्दों की पहचान करने और उसके अनुसार अभियान तैयार करने में मदद मिलेगी।
कैंडिडेट चयन का फॉर्मूला?
चोडनकर ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में जीत की संभावना और पार्टी के प्रति वफादारी दो प्रमुख कारक होंगे। उन्होंने कहा, "लोग कांग्रेस को एक मजबूत ताकत के रूप में देख रहे हैं, जो भाजपा को रोक सकती है। इसलिए, उम्मीदवार की जीत की संभावना एक प्रमुख कारक होगी। इसके साथ ही पार्टी के प्रति वफादारी को भी ध्यान में रखा जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications