'इरफान अंसारी को बर्खास्त करें CM सोरेन', शिवराज चौहान ने सीता सोरेन पर की गई टिप्पणी पर यूं आड़े हाथ
Jharkhand Elections 2024: झारखंड में 13 और 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने है। उससे पहले बयानबाजियों का सिलसिला जारी है। इस बीच, कांग्रेस नेता और झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने बीजेपी नेता सीता सोरेन को लेकर विवादित बयान दे दिया। इरफान अंसारी के इस बयान के बाद झारखंड की राजनीति और गरमा गई।
इरफान अंसारी के विवादित बयान पर अब केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के झारखंड प्रभारी शिवराज सिंह चौहान की प्रतिक्रिया सामने आई है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'सीता सोरेन के बारे में इरफान अंसारी ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह झारखंड की बहन बेटियों का अपमान है। भारत की नारी शक्ति का अपमान है।'

इरफान अंसारी को पद से बर्खास्त करें सीएम सोरेन: शिवराज चौहान
शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए इरफान अंसारी की बर्खास्त की मांग की। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी ने बीजेपी नेता सीता सोरेन के लिए जिन अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह उचित नहीं है। कहा कि सीता सोरेन, स्व दुर्गा सोरेन की धर्मपत्नी हैं।
वह दिशोम गुरु शिबू सोरेन की बहू हैं और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं। इतना ही नहीं, वह झारखंड की एक सम्मानित नेता हैं। उनके बारे में इस तरह की बयानबाजी कतई स्वीकार्य नहीं है। कहा कि हेमंत सोरेन को इरफान अंसारी को तुरंत अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए।
क्या कहा था इरफान अंसारी ने?
दरअसल, जामताड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार इरफन अंसारी ने अपना नॉमिनेशन दाखिल किया। नॉमिनेशन दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और सीता देवी के बाद विवादित टिप्पणी कर दी। इरफान अंसारी ने कहा, 'सीता बोरो खिलाड़ी और रिजक्टेड हैं।'
इरफान के बयान पर सीता सोरेन ने जताई नाराजगी
सीता सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इरफान अंसारी का वीडियो शेकर करते हुए लिखा,'कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी ने नामांकन के तुरंत बाद मीडिया के सामने मेरे लिए जो अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।'
आगे लिखा कि पहले भी उन्होंने मेरे बारे में व्यक्तिगत बातें बोली हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सारी सीमाएं लांघ दी हैं. इरफान जी माफी मांगिए, वरना उग्र विरोध के लिए तैयार रहिए।' इतना ही नहीं, उन्होंने आगे लिखा कि ऐसे सम्मानित पद पर रहकर आपने जिस अमर्यादित शब्द का प्रयोग किया है, उसने पूरे महिला समाज को भयभीत कर दिया है।
अगर आप मेरे लिए ऐसे शब्द इस्तेमाल कर सकते हैं, तो गरीब और असहाय महिलाओं पर क्या बीतती होगी? ऐसे नेता जब तक सत्ता में रहेंगे, महिलाएं असुरक्षित रहेंगी। अब इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। आप महिलाओं को किस नजर से देखते हैं, यह आज जनता के सामने है, और जनता इसका जवाब देगी।












Click it and Unblock the Notifications