झारखंड: नक्सल प्रभावित चाईबासा में IED ब्लास्ट, 10 साल के बच्चे की मौत
चाईबासा जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में आईईडी ब्लास्ट में एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई।

झारखंड के चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र में हुए आईईडी ब्लास्ट में एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है प्रेशर आईईडी विस्फोट में बच्चे का पैर पड़ जाने से ये ब्लास्ट हुआ।
वहीं, इस मामले में चाईबासा पुलिस का कहना है कि ये आईईडी विस्फोटक नक्सलियों ने प्लांट किया था, जिससे वो इलाके में तैनात सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचा सकें।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने परिवार के साथ लकड़ी और पत्ते तोड़ने के लिए गया हुआ था। इसी समय उसका पैर इस आईईडी पर पड़ गया। धमाका इतना जोरदार था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे के पिता कुजरी कोड़ा ग्राम रेंगड़ाहातु टोला बंगलासाई थाना टोटों जिला चाईबासा के रहने वाले हैं।
वहीं, इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पश्चिम सिंहभूम जिले के नक्सल एरिया में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के लिए जगह जगह आईईडी विस्फोटक लगा रखे हैं, जिसकी चपेट में आने के कारण आए दिन ग्रामीणों की मौत या घायल हो रहे हैं।
बता दें कि चाईबासा में बीते 11 जनवरी से जारी नक्सल विरोधी अभियान के चलते गुस्साए नक्सली इस तरह के विस्फोटक हमले कर रहे हैं। वहीं, टोंटो थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीआरपीएफ 174 कैंप स्थापित है, जो समय समय पर नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाती रहती है।












Click it and Unblock the Notifications