हजारीबागः आग लगने से कमरे में सो रहे पति-पत्नी और 6 साल के बेटे की मौत
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र के लोहार टोली मोहल्ले में बुधवार की रात को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कमरे में आग लगने से पति-पत्नी सहित 6 साल के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दंपति की दो बेटियां दूसरे कमरे में सोई थीं, जिसके चलते उनकी जान बच गई। दंपती के कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी और उसपर बिजली का तार भी लपेटा हुआ था। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि करंट लगने या दम घुटने से तीनों की मौत हुई है।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक दंपति की पहचान एलआई एजेंट मुन्ना विश्वकर्मा, पत्नी सोनम देवी और पुत्र 6 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। बुधवार की रात को दो बजे अचानक कमरे से धुआं निकलता देख दोनों बच्चियां भूमि और कनक जग गईं। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने कमरा खोला तो देखा कि तीनों के शव कमरे में पड़े हुए हैं। जिस कमरे में दंपती और बच्चा सोया था, उसके दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी। कुंडी में बिजली का तार भी बंधा हुआ था। इससे संदेह जताया जा रहा है कि करंट लगने से तीनों की मौत हुई होगी। तीनों बुरी तरह जल गए हैं। दरवाजे के भीतर लगा पर्दा तक जल गया है।












Click it and Unblock the Notifications