गुमलाः बहन की मौत होने के बाद बुजुर्ग पर था भाई को जादू-टोने का शक तो कुल्हाड़ी से काट डाला
गुमला। झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के परसा नावाटोली गांव में बुधवार की देर रात को अंधविश्वास के चक्कर में एक बुजुर्ग हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। गुरुवार को घटना की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपितों में से एक को शक था कि बुजुर्ग के जादू-टोना के चलते ही उसकी बहन की मौत हुई है। इसी वजह से आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुधीर मुंडा और उसका दोस्त छोटू शामिल है। घटना का मुख्य आरोपी सुधीर मुंडा है।
मृतक बुजुर्ग की पहचान 70 वर्षीय रंथू मुंडा के रूप में की गई। रंथू झाड़-फूंक का काम करता था। मृतक रंथू मुंडा के बेटे रामचंद्र मुंडा ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव में सुधीर मुंडा की बहन की बीमारी की चलते मौत हो गई थी। तभी से आरोपित सुधीर उसके पिता पर जादू-टोना करने का शक किया करता था।
इसी क्रम में बुधवार की रात रंथू अपनी पत्नी जमनी मुंडाइन, बेटा रामचंद्र मुंडा और बेटी अनिमा कुमारी के साथ घर में था। इसी दौरान आरोपी सुधीर शराब के नशे में धुत होकर अपने 7-8 साथियों के साथ कुल्हाड़ी लेकर रंथू के घर पहुंचा। रंथू को पकड़कर घर से बाहर निकाला।
इस दौरान जब रंथू के परिजनों ने इसका विरोध किया तो उन्हें घर के अंदर ही बंद कर बाहर से दरवाजा लगा दिया। इसके बाद आंगन में ही रंथू के सिर, गर्दन पर कुल्हाड़ी से वारकर उसकी हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications