झारखंडः राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने डीजीपी से की मुलाकात, दुमका गैंगरेप मामले को लेकर दिया निर्देश
रांची। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को प्रदेश के प्रभारी पुलिस महानिदेशक एमवी राव से राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। राज्यपाल ने प्रदेश में रहे दुष्कर्म की घटनाओं पर अपनी गंभीर चिंता भी व्यक्त की और उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस तरह का भयमुक्त वातावरण हो कि सभी लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने दुमका गैंगरेप मामले में भी अभी तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली और जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया।

मीटिंग के दौरान प्रभारी पुलिस महानिदेश ने राज्यपाल को बताया कि दुमका गैंगरेप मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। राज्यपाल ने ऐसे सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। दुमका गैंगरेप की घटना के बाद पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर के नेतृत्व में महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला था और दुमका की घटना के मामले में जरूरी कार्रवाई करने की मांग की थी।
बता दें कि पिछले सप्ताह अपने पति के साथ बाजार से घर लौट रही आदिवासी महिला के साथ 17 युवकों ने गैंगरेप किया था। शाम के वक्त घर लौटते समय युवकों ने पति-पत्नी और उनके बच्चे को बंधक बना लिया। फिर महिला को झाड़ी में ले गए और बारी-बारी से गैंगरेप किया।












Click it and Unblock the Notifications