झारखंड: आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
झारखंड: खूंटी में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
रांची, 3 जुलाई: झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से शनिवार को नौ लोगों की मौत हो गई है। सबसे दुखद हादसा खूंटी जिले में हुआ। यहां के जोरको मंडाटांड में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। इनमें एक साल का बच्चा भी शामिल है। ये हादसा शनिवार दिन में करीब दो बजे हुआ। बाकी चार मौतें अलग-अलग जिलों में हुई हैं।

खूंटी में जो परिवार आकाशीय बिजली की चपेट में आया है, वो जोरको मुंडा टांड़ में धान लगा रहा था। इसी दौरान बारिश आई तो पूरा परिवार एक पेड़ के नीचे बैठ गया। तभी बिजली गिरने से परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। कुछ घंटे बाद लोग यहांसे गुजरे तो सभी के शव देखे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृतकों में 60 साल के मंगा मुंडा उनकी पत्नी जीवंती मुंडाइन, 30 साल का बेटा पुना मुंडा, पुना की पत्नी जैमा और इनका बेटा एक साल का आयुष शामिल है।
शनिवार को ही झारखंड के पलामू में मछली पकड़ रहे 18 साल के युवक की जान बिजली गिरने से चली गई। वहीं चतरा के हंटरगंज में एक बच्चा आकाशीय बिजली का शिकार हो गया। बिजली गिरने से एक मौत रांची के लापुंग और एक मौत लोहरगदा के किसान की हुई है।
बारिश के मौसम के चलते बिजली गिरने के मामले लगातार हो रहे हैं। इसी सोमवार को बिहार के सहरसा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चों समेत पांच की मौत हो गई। वहीं एक शख्स बुरी तरह से झुलस गया था। घटना सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चकमका गांव की है। यहां ये चार बच्चे एक बुजुर्ग महिला के साथ बाग में गए थे। इस दौरान वज्रपात होने से ये उसकी चपेट में आ गए।












Click it and Unblock the Notifications