झारखंडः बोकारो में भीषण सड़क हादसा, दो की मौके पर हो गई मौत और सात घायल
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के जैनामोड़-फुसरो रोड पर खुटरी पॉलिटेक्निक के डाउन के पास गैस सिलेंडर लोडेड ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। इस दौरान एक बाइक सवार और सवारियों से भरी ऑटो की भी ट्रक और ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। जिसके चलते दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार एक मजदूर और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ऑटो में सवार सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं हादसे के बाद करीब चार घंटे तक स्थानीय लोगों ने मुआवजे के लिए सड़क जाम कर दिया था।

मृतकों की पहचान खुटरी पंचायत भूटकुरु गांव के रहने वाले 43 वर्षीय कालाचंद महली और ट्रैक्टर पर सवार मजदूर 45 वर्षीय प्रहलाद सिंह के रूप में हुई है। ट्रैक्टर पंचर होने के चलते सड़क किनारे खड़ा था। वहीं सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सड़क जाम कर रहे लोगों की प्रशासन के साथ नोकझोंक भी हुई।
गुरुवार की सुबह तक जाम की स्थिति बनी हुई थी। 10 चक्का ट्रक गैस सिलेंडर लेकर बालीडीह से गिरिडीह की ओर जा रहा था। लोग मृतकों के आश्रितों को गैस बॉटलिंग प्लांट में नौकरी देने और सरकारी मुआवजा देने आदि की मांग पर अड़े थे। घटनास्थल पर जरीडीह पुलिस निरीक्षक मो. रुस्तम, बीडीओ उज्जवल सोरेन पहुंचे और लोगों को समझा कर सड़क जाम खत्म करवाया।
रांची में जमीन कारोबारी की हत्या
वहीं रांची का हिनू इलाका बुधवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा गया। आइलेक्स सिनेमा हॉल के पास एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय अल्ताफ आलम के रूप में हुई है, जो जमीन का कारोबार करता था। इस वारदात को करीब तीन करोड़ रुपए की 25 डिसमिल जमीन के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। बदमाशों ने अल्ताफ को कुल सात गोली मारी है।












Click it and Unblock the Notifications