बोकारोः अवैध संबंध के शक पर कुदाल से पत्नी को पति ने काट डाला
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के कुरपनीया टंकी इलाके में हत्या का संगीन मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी पर कुदाल से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपित पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। हत्या को अंजाम देकर आरोपित पति ने ससुराल में फोन लगाकर घटनास्थल पर बुलाया और फरार हो गया। पुलिस हत्यारोपित पति की तलाश में जुटी हुई है।

दिलीप निषाद अपनी पत्नी सावित्री देवी और तीन बच्चों के साथ कुरपनीया टंकी इलाके में रहता था। बीती रात दिलीप ने अपनी पत्नी पर कुदाल से जानलेवा हमला कर दिया। उसने कुदाल से उसके सिर पर वार किया और मौत के घाट उतार दिया। घर के जिस कमरे में वारदात को अंजाम दिया गया, वहां हर तरफ खून ही खून दिख रहा था। हत्या करने के बाद आरोपित दिलीप ने खुद अपने साले को फोन कर अपने घर पर आने को कहा और फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपित दिलीप को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक था। जब मृतका का भाई मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई है। इसके बाद आनन-फानन में उसे ढोरी केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की सिर में काफी गंभीर चोट आई थी। कमरे में भी काफी खून गिरा हुआ था। वहीं पास में एक कुदाल और लोहे की रॉड पड़ी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications